कटनी

बस स्टेंड की होटलों में फिर शुरू हुई शराबखोरी, पुलिस कार्रवाई के बाद आबाद हुए अवैध बियरबार, अपराधिक वारदातों का अंदेशा, लोगों ने की कार्रवाई की मांग

कटनी, यशभारत। बस स्टैंड क्षेत्र में स्थित भोजनालयों में शराब परोसे जाने की सूचना मिलने पर पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई की थी। जिससे कुछ दिन के लिए भोजनालयों में अवैध गतिविधियों पर रोक लग गई थी लेकिन अब एक बार फिर भोजनालयों में अवैध गतिविधियों के शुरू होने की शिकायतें सामने आ रही है। जानकारी के मुताबिक इन होटलों में बकायदा ग्राहकों को भोजन के साथ शराब परोसकर मुनाफा कमाया जा रहा है। अवैध तरीके से चल रहे इन बियर बार पर एक बार फिर कार्रवाई की आवाज उठ रही है। बस स्टेंड क्षेत्र के दुकानदारों और व्यवसायियों का कहना है कि होटलों में शराब की बिक्री होने से पूरे बस स्टेंड का माहौल खराब हो रहा है। इन भोजनालयों में ग्राहकों को देर रात तक शराब परोसी जा रही है। जिससे हर समय घटनाएं घटित होने का अंदेशा बना हुआ है। विदित हो कि पूर्व में बस स्टेंड क्षेत्र में कई अपराधिक वारदातें भी घटित हो चुकी हैं।
सीएसपी ने मारा था छापा
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले बस स्टैंड स्थित गुप्ता भोजनालय में ग्राहकों को बिठाकर शराब परोसे जाने की सूचना मिलने पर सीएसपी नेहा पच्चीसिया ने पुलिस टीम के साथ अचानक दबिश दी थी। टीम ने जैसे ही कार्रवाई शुरू की, भोजनालय के अंदर मौजूद कई लोग मौके से भाग निकले, जबकि कुछ ने जल्दबाजी में अपना सामान छोड़ दिया। इस दौरान गुप्ता भोजनालय से शराब और बियर की बोतलें जब्त करते हुए कार्रवाई की गई थी।
कई सालों से चल रही अवैध गतिविधियां
स्थानीय लोगों ने कहा कि बस स्टैंड जैसे व्यस्त सार्वजनिक क्षेत्र में स्थित गुप्ता भोजनालय में लंबे समय से इस तरह की गतिविधियां संचालित की रही हैं, जिससे क्षेत्र की शांति व्यवस्था प्रभावित हो रही है। नागरिकों ने कहा कि पहले भी इस तरह की शिकायतें की गई थीं, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से अवैध गतिविधियों को बढ़ावा मिलता रहा। लोगों में इस बात को लेकर नाराजगी है कि सार्वजनिक स्थान पर इस तरह का संचालन सुरक्षा और कानून व्यवस्था के लिए चुनौती बन रहा है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button