कटनी

बस ने मारी बाइक में ठोकर, दो युवकों की मौत, बरही के करौंदीकला के पास सडक़ हादसा

कटनी, यशभारत। बरही थाना क्षेत्र के ग्राम करौंदीकला के पास बुधवार को एक दर्दनाक सडक़ हादसा हो गया। तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही बरही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। बरही पुलिस के अनुसार रामकिशन उर्फ किशन पिता ददन कोल 18 वर्ष निवासी कुड़ी सलैया थाना इंदवार जिला उमरिया तथा सुखलाल कोल पिता चुटवादा कोल 27 वर्ष निवासी ग्राम बिचपुरा ददरा थाना बरही खितौली क्षेत्र में आयोजित शादी समारोह से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान करौंदी कला के पास तेज रफ्तार बस क्रमांक एमपी 54 जेडडी 5113 ने उनकी बाइक को ठोकर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर बरही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए बरही अस्पताल भेजा गया। पोस्टमार्टम उपरांत शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बाइक की ठोकर से युवक ने तोड़ा दम
बड़वारा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कछारी पेट्रोल पंप के पास नहर पुलिया पर एक भीषण सडक़ दुर्घटना हुई। मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 21 एमजे 9986 के चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिससे बाइक सवार रणबहादुर सिंह गोंड 24 वर्ष निवासी बड़ागांव की मृत्यु हो गई। इस हादसे में टिल्लू सिंह गोंड गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका उपचार अस्पताल में जारी है।
अनियंत्रित होकर पलटी कार 9 घायल
माधवनगर थाना क्षेत्र के बिलहरी रोड पेट्रोल पंप के पास एक हुंडई आई 10 कार एमपी 21 सीए 5873 तेज रफ्तार के कारण दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में कार सवार कुल 9 लोग घायल हुए हैं। घायलों में मुस्कान पटेल 20 वर्ष सहित अन्य लोग शामिल हैं। बताया जा रहा है कि कार चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और कार सडक़ किनारे जा पलटी। इसी तरह बहोरीबंद थाना क्षेत्र के अंतर्गत गाडा पुल के सामने दो मोटरसाइकिल की भिड़ंत में जय कुमार पटेल और राहुल पटेल घायल हुए हैं। यहाँ भी बाइक चालक की लापरवाही सामने आई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button