रीवा lमध्य प्रदेश के मऊगंज में युवक के अपहरण के बाद बवाल मच गया। परिजनों का आरोप है कि पंकज सोनी नामक युवक ने पुरानी रंजिश के चलते मोलई प्रजापति का बंदूक की नोक पर अपहरण कर लिया। इसके विरोध में आक्रोशित परिजनों ने हाईवे को दोनों तरफ से जाम कर दिया। मौके पर भारी पुलिस बल पहुंचा, लेकिन हालात तनावपूर्ण हो गए। वहीं प्रदर्शनकारी ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह के ऊपर पत्थर फेंकने की कोशिश भी की, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी से बड़ा हादसा टल गया।
मऊगंज में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब पटेहरा गांव के मोलई प्रजापति को गांव के ही पंकज सोनी ने फायरिंग करते हुए अगवा कर लिया। परिजनों ने जब इसकी खबर सुनी तो गुस्से में हाईवे पर उतर आए और दोनों ओर से रास्ता जाम कर दिया, जिससे करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह, एसडीओपी साची पाठक समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। मौके पर पहुंची पुलिस ने हालात काबू में करने की कोशिश की, लेकिन परिजन आरोपी की गिरफ्तारी और मोलई की सुरक्षित बरामदगी की मांग पर अड़े थे।
पत्थरबाजी की कोशिश
घटना के दौरान एक वाहन में तोड़फोड़ और पत्थरबाजी की कोशिश भी की गई। हालांकि पुलिस की मुस्तैदी से हालात और बिगड़ने से रोक लिए गए। मौके पर स्थानीय बीजेपी विधायक प्रदीप पटेल भी पहुंचे, जिनकी पुलिस से नोकझोंक हुई। उन्होंने कहा कि जब तक तालाश नहीं होती तब तक यहां से नहीं जाएंगे। कांग्रेस के पूर्व विधायक सुखेंद्र सिंह बन्ना भी मौके पर पहुंचे थे।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Back to top button