बंग समाज के द्वारा की गई कालीपूजा दीपावली पर तारादेवी स्वरूप में होती है आराधना

जबलपुर यश भारत। सोमवार को एक तरफ जहां घर-घर में गणेश लक्ष्मी की पूजा की गई तो वहीं दूसरी ओर नगर के बंगाली समाज के द्वारा शहर के अनेक स्थानों पर काली प्रतिमा की स्थापना कर विशेष पूजन अर्चन किया गया। सार्वजनिक रूप से आयोजित होने वाले धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बंग समाज के श्रद्धालु महिला व पुरुष की भी शामिल हुए। आयोजन के इसी क्रम में रविंद्र नगर गार्डन मै स्थानीय लोगों के द्वारा न केवल प्रतिमा स्थापित की गई बल्कि पूरे विधि विधान के साथ उनका पूजन अर्चन किया गया। बंग समाज के प्रतिनिधियों ने बताया कि दीपावली पर महाकाली के तारा स्वरूप की पूजन होती है इनकी आराधना और पूजन विधि काफी कठिन है इसलिए प्रमुख पीठ पर ही इस तरह के आयोजन होते हैं। सिटी बंगाली क्लब सहित अन्य जगहों पर भी जहां बंगाली समाज के आयोजन होते हैं वहां भी प्रतिमाएं स्थापित करने की परंपरा चली आ रही है। कोलकाता में महाकाली के तीन पीठ हैं कालीघाट दक्षिणेश्वरी काली और तारापीठ और इसी पीठ की देवी का पूजन दीपावली की अमावस्या को किया जाता है। रविंद्र नगर में स्थापित प्रतिमा का आज विसर्जन किया जा रहा है। आयोजन स्थल से आधारताल तालाब तक श्रद्धालु भव्य जुलूस के रूप में प्रतिमा को लेकर पहुंचेंगे जहां उनका विधि विधान से विसर्जन किया जाएगा।







