बंगला लाइन में चोरों का धावा, सूने मकान में चोरी, तीन गैस सिलेंडर सहित अन्य सामान ले गए चोर

कटनी, यशभारत। माधवनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बंगला लाइन में चोरों ने पुलिस की गश्त को चुनौती देते हुए एक सूने मकान को अपना निशाना बनाकर घरेलू सामान पर हाथ साफ कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार बंगला लाइन निवासी राजेश भाटिया पिता चंद्रप्रकाश भाटिया के घर पर 25 अप्रैल की दरमियानी रात चोरों ने धावा बोला। बताया जा रहा है कि घटना के वक्त घर में कोई मौजूद नहीं था, जिसका फायदा उठाकर अज्ञात बदमाश भीतर दाखिल हुए। चोरों ने घर के अंदर तलाशी लेते हुए रसोई में रखे 3 घरेलू गैस सिलेंडर खाली चोरी कर लिए। प्रार्थी ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि चोरी गए इन सिलेंडरों की कुल कीमत लगभग 6 हजार रुपये है। सुबह जब घर की स्थिति देखी गईए तब चोरी की वारदात का खुलासा हुआ। मामले की सूचना मिलते ही माधवनगर पुलिस ने मौका मुआयना किया और राजेश भाटिया की शिकायत पर अपराध दर्ज किया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता के तहत धारा 331 (4) और 305 के तहत मामला पंजीबद्ध किया है। शहर के मुख्य और रिहायशी इलाके बंगला लाइन में हुई इस चोरी से स्थानीय निवासियों में असुरक्षा का माहौल है। लोगों का कहना है कि पॉश इलाकों में इस तरह की वारदातें पुलिस पेट्रोलिंग पर सवाल खड़े करती हैं। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके।







