फ्लाईओवर से युवती ने लगाई छलांग : हालत गंभीर

सतना यश भारत। शहर के कोलगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत सेमरिया चौराहा स्थित फ्लाईओवर पर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती ने अचानक फ्लाईओवर से नीचे छलांग लगा दी। गंभीर रूप से घायल युवती को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। चिकित्सकों की टीम उसका इलाज कर रही है।
जानकारी के अनुसार घायल युवती की पहचान संग्राम कॉलोनी निवासी आरती के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना के समय युवती के साथ एक युवक भी मौजूद था। दोनों के बीच किसी बात को लेकर काफी देर तक बहस होती रही। इसी दौरान युवती ने अचानक फ्लाईओवर से छलांग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के बाद युवक मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल युवती को ऑटो रिक्शा की सहायता से जिला अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस को युवती के हाथ पर एक मोबाइल नंबर और ‘बाबू’ नाम लिखा मिला है। आशंका जताई जा रही है कि यह नंबर उसी युवक का हो सकता है, जो घटना के समय उसके साथ मौजूद था। पुलिस नंबर के आधार पर युवक की तलाश में जुट गई है।
कोलगवां थाना पुलिस का कहना है कि युवती के बयान दर्ज होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।







