फेस रीडिंग से लगाई हाजिरी, फिर घर चले गए आउटसोर्स कर्मचारी, शिकायतों के बाद जांच, सामने आई बड़ी गड़बड़ी, बिना अनुमति कई छुट्टी पर मिले, कमिश्नर ने लिया बड़ा एक्शन, 70 कर्मचारियों की आईडी लॉक

कटनी, यशभारत। आउटसोर्स के माध्यम से नगर निगम में कार्यरत कर्मचारियों की बड़ी लापरवाही सामने आई है। 70 कर्मचारी ऐसे हैं, जो फेस रीडिंग से हाजिरी लगाने के बाद घर चले गए। जब इसकी जांच कराई गई तो फेस रीडिंग में तो उनकी हाजिरी मिली, लेकिन संबंधित वार्ड दरोगा के रजिस्टर में उनकी गैरहाजिरी थी। इसमे कुछ कर्मचारी ऐसे भी थे, जो बिना अनुमति और सूचना दिए बगैर कई दिनों से ड्यूटी से गायब थे। लगातार शिकायतें मिलने के बाद जब इस मामले की जांच कराई गई तो शिकायतें सही पाई गई, जिसके बाद नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार ने बड़ा एक्शन लेते हुए 70 कर्मचारियों पर कार्रवाई की है और उनकी आईडी लॉक कर दी है। आईडी लॉक होने के बाद फिलहाल वे ड्यूटी से बाहर हो गए हैं और उनका वेतन भी रूक गया है। अब आउटसोर्स कर्मचारी वापस ड्यूटी में आने के लिए नगर निगम अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं।
नगर निगम सूत्रों ने जानकारी देते हुए आउटसोर्स के माध्यम से करीब साढ़े 5 सौ से ज्यादा कर्मचारी अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इसमे सबसे ज्यादा करीब 300 कर्मचारी स्वास्थ्य विभाग यानि सीधे तौर पर शहर की सफाई व्यवस्था में तैनात है। इसके अलावा बाकी कर्मचारी राजस्व विभाग, पेयजल आपूर्ति विभाग, अतिक्रमण शाखा, बाजार शाखा और अन्य विभागों में कार्यरत हैं। इन आउटसोर्स कर्मचारियों को प्रतिमाह 9 हजार रूपए वेतन दिया जाता है।
फेस रीडिंग से लगती है हाजिरी
बताया जाता है कि सफाई व्यवस्था में तैनात आउटसोर्स कर्मचारियों की हाजिरी फेस रीडिंग के माध्यम से लगती है। इसके अलावा संबंधित वार्ड के दरोगा के रजिस्टर में भी उपस्थिति दर्ज की जाती है। शिकायतों में यह बात सामने आई कि कई वार्डों में आउटसोर्स कर्मचारी फेस रीडिंग में हाजिरी लगाने के बाद घर चले जाते हैं। कुछ जगहों पर वार्ड दरोगा और स्वच्छता निरीक्षक से भी मिलीभगत सामने आई है। लगातार शिकायतें मिलने के बाद इसकी जांच कराई गई तो 70 कर्मचारी ऐसे मिले, जो ड्यूटी से गायब थे। इनमे से कई की फेस रीडिंग से हाजिरी लगी हुई थी और कुछ बिना अनुमति छुट्टी पर थे। ऐसे कर्मचारियों की आईडी लॉक की गई है।
इनका कहना है
आउटसोर्स के माध्यम से शहर की सफाई व्यवस्था के लिए तैनात रहने वाले कर्मचारी ड्यूटी से बिना अनुमति और बिना सूचना दिए गायब मिले। ऐसे 70 कर्मचारियों के विरूद्ध नगर निगम प्रशासन ने कार्रवाई की है। इन कर्मचारियों की आईडी को लॉक कर दिया गया है, जिससे वे फिलहाल ड्य़ूटी से बाहर हो गए हैं। ऐसे कर्मचारियों का वेतन भी रूक गया है।
संजय सोनी, स्वास्थ्य अधिकारी
नगर पालिक निगम, कटनी







