मंडला lपुलिस अधीक्षक मण्डला रजत सकलेचा के निर्देशन में जिले में ऑनलाइन NCRP (1930) पोर्टल पर प्राप्त साइबर फ्रॉड शिकायतों पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए मण्डला पुलिस को बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। महिला से इंश्योरेंस पॉलिसी की मैच्योरिटी के नाम पर ठगी करने वाले 2 साइबर ठगों को नोएडा (उत्तर प्रदेश) से गिरफ्तार किया गया है। ऑनलाइन 1930 साइबर पोर्टल के माध्यम से प्राप्त शिकायत के आधार पर ई-जीरो एफआईआर क्रमांक 155/26, धारा 318(4), 319(2) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत थाना महाराजपुर में प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। शिकायतकर्ता प्रमिला तेकाम, उम्र 51 वर्ष, निवासी गौकुलधाम कॉलोनी, महाराजपुर, जिला मण्डला ने बताया कि वर्ष 2015 में उनके द्वारा मैक्स लाइफ इंश्योरेंस की पॉलिसी ली गई थी, जिसकी केवल प्रथम वर्ष की किस्त (रु-27150/-) जमा की गई थी।
अज्ञात मोबाइल नंबरों से कॉल कर स्वयं को इंश्योरेंस कंपनी का मैनेजर बताकर पॉलिसी री-ओपन, एनओसी एवं मैच्योरिटी राशि दिलाने का झांसा दिया गया। आरोपियों द्वारा येस बैंक एवं इंडियन ओवरसीज बैंक खातों के माध्यम से फोन-पे द्वारा अलग-अलग तिथियों में कुल ₹10,95,840/- की राशि छलपूर्वक ट्रांसफर करवाई गई। पुलिस अधीक्षक मण्डला के निर्देश पर थाना महाराजपुर द्वारा साइबर सेल से तकनीकी विश्लेषण, बैंक खातों की जानकारी एवं सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की लोकेशन नोएडा (गौतमबुद्ध नगर, उ.प्र.) में पाई गई। थाना महाराजपुर की टीम द्वारा नोएडा साइबर थाना के सहयोग से 02 आरोपियों को गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर मण्डला लाया गया। गिरफ्तार आरोपी – गौरव, पिता महेश सिंह प्रजापति, सचिन, पिता श्रीचंद वाल्मीकि। आरोपियों से सतत पूछताछ जारी है एवं प्रकरण में अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।