पुलिस ने शिक्षक को गिरफ्तार कर भेजा जेल, बिलहरी स्कूल में महिला शिक्षक के साथ अभद्रता का मामला

कटनी, यशभारत। बिलहरी पुलिस ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शिक्षिका के साथ मारपीट करने वाले आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेजा गया है। बिलहरी चौकी प्रभारी सुयश पाण्डेय ने बताया कि 30 जुलाई को निलंबित शिक्षक वरुण नायक द्वारा स्कूल परिसर में हंगामा मचाते हुए प्रिंसिपल देवेंद्र तिवारी तथा शिक्षिका रेखा तिवारी के साथ मारपीट की गई। सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस पहुंची और आरोपी वरुण नायक को हिरासत में लिया तो उसने पुलिस स्टाफ के साथ भी बदतमीजी की। जिसे गिरफ्तार कर पुलिस चौकी लाया गया तथा संबंधित धाराओं के अंतर्गत अपराध कायम कर विवेचना में लिया गया। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जिसे माननीय न्यायालय द्वारा जेल भेज दिया गया। कार्यवाही में चौकी प्रभारी बिलहरी उप निरीक्षक सुयश पाण्डेय, सहायक उप निरीक्षक दामोदर राव, प्रधान आरक्षक व्यास गुप्ता, प्रधान आरक्षक अखिलेश दीक्षित, आरक्षक सौरभ जैन, लव उपाध्याय, दिल्केश्वर सिंह, सैनिक धनेंद्र त्रिपाठी का सराहनीय योगदान रहा।\







