मध्य प्रदेश

पन्ना से बड़ी खबर : पति से विवाद के बीच कट्टे से चली गोली, पत्नी और बेटी घायल, मचा हड़कंप, अस्पताल में चल रहा इलाज

कटनी/पन्ना, यश भारत। पन्ना जिले के चंदौरा पुलिस चौकी के अंतर्गत घरेलू कलह उस वक्त खौफनाक मोड़ पर पहुंच गई, जब पति-पत्नी के आपसी विवाद के बीच अचानक गोली चल गई। इस दर्दनाक हादसे में मां और उसकी 9 वर्षीय बेटी घायल हो गईं। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। गोली चलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और आस पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार उत्तर प्रदेश की सीमा से लगे लोढ़ापुरवा गांव में रहने वाला 32 वर्षीय रमाशंकर कुशवाहा शराब पीने का आदी है। नशे में वह अक्सर अपनी पत्नी रामसखी (31) से विवाद करता था। शनिवार को भी शराब के नशे में वो पत्नी रामसखी से विवाद कर रहा था। इसी दौरान विवाद ने उग्र रुप ले लिया और पत्नी रामसखी ने रोज-रोज की प्रताड़ना से तंग आकर पति को डराने के लिए घर में रखा कट्टा उठाकर अपने माथे पर तान लिया। कट्टा तानने के बाद पत्नी ने पति से कहा कि अब विवाद करके दिखाओ मैं खुद को गोली मार लूंगी।
मां को खुद के माथे पर कट्टा लगाकर देख घर में मौजूद 9 साल की बच्ची रश्मि घबरा गई। उसे डर था कि कहीं मां खुद को नुकसान न पहुंचा ले। वह मां को बचाने के लिए दौड़ी, इसी दौरान बेटी रश्मि का धक्का मां रामसखी को लग गया। धक्का लगते ही कट्टे का ट्रिगर दब गया और गोली चल गई। गोली रश्मि के बाएं हाथ की उंगलियों को छूती हुई निकली, जिससे उसका हाथ लहूलुहान हो गया। वहीं छर्रे लगने से मां रामसखी भी घायल हो गई। गोली की आवाज और चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल अजयगढ़ अस्पताल ले गए, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही चंदौरा चौकी प्रभारी विक्रम सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान महिला ने बताया कि यह कट्टा उसके ससुर का है, जो घर की साफ-सफाई के दौरान उसे मिला था। पति की शराब की आदत से परेशान होकर उसने उसे छिपाकर रख लिया था। पुलिस ने रामसखी कुशवाहा के खिलाफ मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button