पन्ना के अपराधी ने कटनी के होटल संचालक पर चलाई गोली, चार आरोपियों पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज, इन्द्रानगर में वारदात से सनासनी, आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही पुलिस

कटनी, यशभारत। पन्ना जिले के आदतन अपराधी सुनील यादव सहित उसके तीन अन्य साथियों द्वारा होटल संचालक पर गोली चलाए जाने की घटना के बाद पुलिस उनकी सरगर्मी से तलाश कर रही है। इस मामले में पुलिस ने पन्ना जिले की पुलिस से भी संपर्क किया है और अपराधी जन्म कुंडली खंगाली जा रही है। यह घटना उस समय हुई, जब आदतन अपराधी सुनील यादव अपने साथियों के साथ कुठला थाना क्षेत्र के इंद्रानगर तिराहे पर स्थित होटल में रूकने के लिए कमरा लेने गया था। आईडी नहीं होने को लेकर विवाद के बाद आरोपी ने गोली चला दी थी। गोली होटल संचालक को छूकर निकल गई। गोली चलने से पूरे क्षेत्र में हडक़म्प मच गया। घटना की सूचना मिलते ही कुठला पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की। इस मामले में कुठला पुलिस ने सुनील यादव सहित चार आरोपियों के विरूद्ध हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि कुठला थाना क्षेत्र के अंतर्गत इंदिरा नगर तिराहे में स्थित होटल में पन्ना जिले का आदतन अपराधी सुनील यादव अपने साथियों के साथ आया था। होटल में कमरा लेने के लिए जब उससे आईडी की मांग की गई तो उसने आईडी देने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर बहस हो गई। इसी दौरान वहां होटल संचालक प्रेमशंकर राय भी पहुंच गए, तभी आरोपी ने होटल संचालक पर देशी कट्टा तान दिया और फायर कर दिया। कट्टे से चली गोली सीधे दीवार पर जाकर धंस गई। गोली चलते ही हडक़म्प मच गया। वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गए। सूचना मिलने पर कुठला पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। आरोपी की भूमिका, घटना के पीछे की वजह और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
इनका कहना है
पन्ना जिले का आदतन अपराधी सुनील यादव अपने तीन अन्य साथियों के साथ इन्द्रानगर स्थित होटल में आया था। होटल में कमरा लेने के लिए जब आईडी मांगी गई तो उसने मना कर दिया, इसी बात को लेकर विवाद हो गया और आरोपियों ने देशी कट्टा निकालकर फायर कर दिया। आरोपियों के विरूद्ध मामला दर्ज किया गया है और उनकी तलाश की जा रही है।
-अभिनय विश्वकर्मा
पुलिस अधीक्षक







