मध्य प्रदेशराज्य

दुष्कर्म का आरोपी पुलिस हिरासत से फरार :  ग्रामीणों ने पुलिस को घेरा, तलाश जारी

सतना। जिले के सभापुर थाना अंतर्गत एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां दुष्कर्म का आरोपी पुलिस हिरासत से फरार हो गया। यह घटना 10 जून की है, पर इसकी जानकारी दो दिन बाद सार्वजनिक हो सकी।

आरोपी पवन शर्मा, निवासी पिपरी टोला, पर एक महिला ने दुष्कर्म का आरोप लगाया था। सभापुर पुलिस ने साइबर सेल की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर उसे सीधी जिले के चुरहट से गिरफ्तार किया था। प्रधान आरक्षक सुरेश सिंह बैश और आरक्षक पप्पू यादव आरोपी को पुलिस वाहन से वापस ला रहे थे।

बीड़ा सेमरिया के पास पहुंचते ही एक बाइक सवार अचानक पुलिस वाहन के सामने आ गया। तभी कुछ ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों को घेर लिया और विवाद शुरू कर दिया। इसी अफरा-तफरी के दौरान आरोपी पवन शर्मा पुलिस हिरासत से भागने में सफल रहा।

एसडीओपी रोहित राठौर के अनुसार, जैसे ही घटना की जानकारी मिली, बीड़ा पुलिस और डायल 100 की टीम मौके पर पहुंची। स्थिति को नियंत्रण में लाते हुए प्रधान आरक्षक को सेमरिया भेजा गया और वहीं आरोपी की फरारी का केस भी दर्ज किया गया।

*ससुराल में छिपा था आरोपी, तलाश जारी*
जानकारी के मुताबिक, फरारी के बाद पवन शर्मा अपने ससुराल चुरहट भाग गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अब दो गंभीर धाराओं में प्रकरण पंजीबद्ध किया है—एक दुष्कर्म का, और दूसरा पुलिस अभिरक्षा से फरारी का। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो पुलिस टीमें सक्रिय रूप से संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं, लेकिन अब तक उसे गिरफ्तार नहीं किया जा सका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button