दक्षिण-पश्चिम से होने जा रही मानसून की एंट्री, मौसम विभाग ने जारी किया नया अपडेट, 15 से 18 जून के बीच होगी बंूदाबांदी

कटनी, यशभारत। मौसम विभाग ने मानसून को लेकर नया अपडेट जारी किया है। जानकारी के मुताबिक मानसून की एंट्री दक्षिण-पश्चिम से होने जा रही है और आगामी 15 से 18 जून के बीच मानसून राज्य में दस्तक दे सकता है। कटनी भी उन जिलों में शामिल है, जहां मानसून की आमद होगी। विभाग का कहना है कि इस बार मानसून की उपस्थिति सही समय पर होने के साथ ही ही जोरदार भी रहेगी, यही कारण है कि यहां प्री-मानसूनी गतिविधियां तेज होती जा रही हैं। इसी के चलते कटनी सहित कई जिलों में तेज आंधी के साथ ही बारिश हो रही है। शनिवार को भी कटनी सहित प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाएं चलने के साथ हल्की बंूदाबांदी हुई। मौसम विभाग ने संबंधित इलाकों में लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। मौसम विभाग ने शनिवार को कटनी सहित प्रदेश के भोपाल, रायसेन, सीहोर, विदिशा, नर्मदापुरम, बैतूल, ग्वालियर, मुरैना, श्योपुर, जबलपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया और अनूपपुर समेत 33 जिलों में गरज चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई जिलों में मौसम साफ रहने की संभावना है। फिलहाल राज्य में प्री-मानसून बारिश का दौर लगातार जारी है, इसके बावजूद जून के महीने में प्रदेश का कुल बारिश का रिकॉर्ड अब भी सामान्य से पीछे चल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अब तक प्रदेश में औसत से 23 फीसदी कम बारिश रिकॉर्ड हुई है। पूर्वी प्रदेश के जिलों में बारिश की कमी सबसे ज्यादा बनी हुई है।







