देश
त्वरित कार्रवाई से तीन अग्नि दुर्घटनाओं पर पाया गया नियंत्रण
मॉक ड्रिल और सतर्क फायर अमले की तैयारी से टला बड़ा नुकसान

त्वरित कार्रवाई से तीन अग्नि दुर्घटनाओं पर पाया गया नियंत्रण
मॉक ड्रिल और सतर्क फायर अमले की तैयारी से टला बड़ा नुकसान
कटनी – यशभारत । 
भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान के बीच नगर निगम का फायर ब्रिगेड अमला लगातार सतर्कता के साथ जनसुरक्षा की जिम्मेदारी निभा रहा है। निगमायुक्त तपस्या परिहार के निर्देशन में पूर्व में आयोजित मॉक ड्रिल और आपदा प्रबंधन अभ्यासों का सकारात्मक असर अब वास्तविक परिस्थितियों में दिखाई देने लगा है। गुरुवार को शहर और ग्रामीण क्षेत्र में हुई तीन अलग-अलग अग्नि दुर्घटनाओं पर फायर अमले ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शीघ्र नियंत्रण स्थापित किया।फायर निरीक्षक शैलेंद्र दुबे ने बताया कि बुधवार रात लगभग 12:05 बजे थाना कोतवाली क्षेत्र स्थित विश्वकर्मा पार्क के समीप एक बैंक के ऊपरी हिस्से में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही सिविल लाइन जोन से फायर वाहन मौके पर पहुंचा और बैंक के एसी यूनिट में लगी आग पर तुरंत काबू पा लिया गया।
इसके बाद गुरुवार दोपहर करीब 1:50 बजे घंटाघर स्थित देना बैंक के पास एक टपरे में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। फायर अमले ने मौके पर पहुंचकर तेजी से आग बुझाई, जिससे आसपास के क्षेत्र में बड़ा हादसा टल गया। वहीं पुलिस कंट्रोल रूम से ग्राम खिरहनी के समीप परोहा पिपरिया क्षेत्र में आग लगने की सूचना मिलने पर बस स्टैंड जोन से फायर वाहन तत्काल रवाना किया गया। फायर टीम द्वारा मौके पर लगातार आग बुझाने का कार्य किया गया। नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों से गर्मी के मौसम में विद्युत उपकरणों, गैस सिलेंडरों और ज्वलनशील वस्तुओं के उपयोग में विशेष सावधानी बरतने तथा किसी भी अग्नि दुर्घटना की स्थिति में तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना देने की अपील की है।







