सतना | सतना जिले के उचेहरा थाना अंतर्गत बिचवा गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां तेज रफ्तार अज्ञात ट्रैक्टर ने भेड़-बकरियों के झुंड को कुचल दिया। इस हादसे में 12 से अधिक भेड़-बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे पशुपालकों को भारी नुकसान हुआ है।
जानकारी के अनुसार, बिचवा गांव निवासी बहोरी पाल, कमलेश पाल और विजय कोल अपनी भेड़-बकरियों को चराकर जंगल से वापस गांव लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में तेज गति से आ रहे एक ट्रैक्टर चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए जानवरों के झुंड को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर समेत मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही परसमनिया चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इसी बीच देर रात मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बिचवा के घने जंगल क्षेत्र से दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को बरामद कर लिया। हालांकि, ट्रैक्टर चालक अभी भी फरार है और उसकी तलाश जारी है।
पुलिस का कहना है कि वाहन की पहचान के आधार पर आरोपी तक जल्द पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, इस घटना के बाद क्षेत्र के पशुपालकों में आक्रोश का माहौल है।
Back to top button