तीन बेटियों के पिता के अचानक निधन से परिवार में मातम, मंझली बेटी ने दी पिता को मुखाग्नि, मुक्तिधाम में नम हुईं लोगों की आंखें

पवई, यशभारत। नगर परिषद पवई में पदस्थ अंजली गौतम के पिता अरविंद गौतम निवासी ग्राम महेबा तहसील गुनौर का गुरुवार की देर रात 54 वर्ष की उम्र में बिड़ला हॉस्पिटल में इलाज के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की खबर से परिवार सहित पूरे गांव में शोक की लहर है। उनका अंतिम संस्कार प्रयागराज में किया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार अरविंद गौतम की तीन बेटियां हैं लक्ष्मी, अंजली और राशि। कोई बेटा न होने पर मंझली बेटी अंजली ने अपने पिता को मुखाग्नि दी। बेटी द्वारा पिता को मुखाग्नि देने का यह भावुक दृश्य देखकर वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गई। स्थानीय लोगों ने कहा कि अंजली ने समाज में एक मिसाल पेश की है कि बेटियां भी बेटों से कम नहीं होतीं। इस कठिन समय में उन्होंने हिम्मत और साहस का परिचय दिया। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे और परिवार को यह दुख सहने की शक्ति दे।







