तालाब में था मगरमच्छ का बसेरा, वन विभाग ने सुरक्षित रेस्क्यू कर निकाला बाहर, अंतवेद गांव के ग्रामीणों ने ली राहत की सांस

कटनी, यशभारत । जिले की ढीमरखेड़ा तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्राम अंतवेद में पिछले पांच दिनों से बना दहशत का माहौल आखिरकार खत्म हो गया है। गांव के तालाब में डेरा जमाए बैठे मगरमच्छ को वन विभाग और वन विकास निगम (कुंडम परियोजना) की संयुक्त टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार, मगरमच्छ को पकड़ने के लिए वन विभाग की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही थी। तालाब में बिछाए गए जाल में जब मगरमच्छ का बच्चा फंसा, तब टीम को सफलता मिली। सावधानी बरतते हुए रेस्क्यू टीम ने उसे बाहर निकाला। रेंज अधिकारी मनीष अपोर ने बताया कि पकड़ा गया मगरमच्छ अभी काफी छोटा है। रेस्क्यू ऑपरेशन पूरी तरह सफल रहा और मगरमच्छ पूरी तरह सुरक्षित है। प्रोटोकॉल के तहत पहले उसका स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा, उसके बाद उसे जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट के पास स्थित खंदारी जलाशय में छोड़ा जाएगा। तालाब में मगरमच्छ की मौजूदगी के कारण ग्रामीणों का दैनिक जीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया था। तालाब के पानी का उपयोग (निस्तार) बंद हो चुका था और मवेशियों व छोटे बच्चों के लिए हर वक्त खतरा बना रहता था। 5 दिनों बाद मगरमच्छ के पकड़े जाने पर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है और वन विभाग की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।








