ट्रांसपोर्ट नगर शिफ्टिंग को मिली रफ्तार, शेष भूखंडों की नीलामी शुरू
सुगम यातायात व्यवस्था के लिए निगम की पहल, ऑनलाइन निविदाओं के जरिए आवंटन प्रक्रिया प्रारंभ

ट्रांसपोर्ट नगर शिफ्टिंग को मिली रफ्तार, शेष भूखंडों की नीलामी शुरू
सुगम यातायात व्यवस्था के लिए निगम की पहल, ऑनलाइन निविदाओं के जरिए आवंटन प्रक्रिया प्रारंभ

कटनी, यशभारत। शहर की यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने की दिशा में नगर पालिक निगम कटनी ने ट्रांसपोर्ट नगर शिफ्टिंग की प्रक्रिया को तेज कर दिया है। इसी क्रम में ग्राम पुरैनी स्थित विकसित ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में शेष बचे भूखंडों के आवंटन के लिए नीलामी प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। इसके लिए ऑनलाइन निविदाएं भी आमंत्रित की जा चुकी हैं।
निगम प्रशासन का मानना है कि इस पहल से शहर के घनी आबादी वाले क्षेत्रों में भारी वाहनों के दबाव को कम किया जा सकेगा, जिससे जाम, अव्यवस्थित पार्किंग और सड़क दुर्घटनाओं जैसी समस्याओं में कमी आएगी। ट्रांसपोर्ट नगर के पूर्ण विकसित होने पर परिवहन से जुड़ी सभी गतिविधियां एक ही स्थान पर संचालित होंगी, जिससे नागरिकों को बेहतर और सुगम आवागमन सुविधा मिल सकेगी।
योजना प्रभारी के अनुसार, ट्रांसपोर्ट नगर में विभिन्न जरूरतों को ध्यान में रखते हुए भूखंडों का वर्गीकरण किया गया है। इसमें 15×30 वर्गमीटर के 27 भूखंड, 12×15 वर्गमीटर के 93 भूखंड, 6×15 वर्गमीटर के 6 भूखंड और 4×6 वर्गमीटर की 18 दुकानों के भूखंड शामिल हैं। साथ ही पेट्रोल पंप, धर्मकांटा और ढाबा जैसे आवश्यक व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए भी अलग से भूमि आरक्षित की गई है, ताकि यह क्षेत्र एक पूर्ण विकसित और आत्मनिर्भर केंद्र के रूप में विकसित हो सके।
निगम द्वारा अपनाई गई ऑनलाइन निविदा प्रक्रिया को पारदर्शिता और प्रतिस्पर्धा सुनिश्चित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। इच्छुक आवेदक निर्धारित प्रक्रिया के तहत शासकीय पोर्टल www.mptenders.gov.in� के माध्यम से निविदा में भाग ले सकते हैं।
निगम प्रशासन ने पात्र आवेदकों से अधिकाधिक संख्या में भागीदारी की अपील करते हुए कहा है कि ट्रांसपोर्ट नगर के शीघ्र क्रियान्वयन से न केवल परिवहन व्यवसाय को संगठित स्वरूप मिलेगा, बल्कि शहर के समग्र विकास और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।







