मुख्य ख़बरें

झोलाछाप डॉक्टरों पर शिकंजा: दो अवैध क्लीनिकों पर छापा, एक सील; भारी मात्रा में दवाएं और सिरिंज जब्त

यशभारत, शहपुरा। शहपुरा नगर में अवैध रूप से संचालित हो रहे क्लीनिकों को लेकर प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। अवैध क्लीनिक संचालित होने की सूचना मिलने के बाद शहपुरा SDM फरहान इरफान जमादार के निर्देशन में प्रशासनिक टीम ने नगर में दो क्लीनिकों की जांच की। कार्रवाई के दौरान एक क्लीनिक को सील किया गया, वहीं दोनों स्थानों से एलोपैथिक दवाइयां, सिरिंज एवं दवाइयों की पर्चियां जब्त की गईं।

Screenshot 20260927 104531.WhatsApp

SDM के अनुसार प्रशासन को लगातार सूचना मिल रही थी कि नगर में कई स्थानों पर बिना वैध अनुमति के क्लीनिक संचालित किए जा रहे हैं। सूचना के आधार पर तत्काल जांच की गई। जांच के दौरान शहपुरा तहसीलदार एवं पटवारी की मौजूदगी में पंचनामा तैयार कर कार्रवाई की गई।

जांच में संबंधित व्यक्तियों के पास चिकित्सा व्यवसाय के लिए आवश्यक वैध पंजीयन एवं मान्य चिकित्सकीय डिग्री नहीं पाई गई। इसके बावजूद एलोपैथिक दवाइयां रखे जाने और मरीजों को दवाइयां दिए जाने की जानकारी सामने आई। कार्रवाई के दौरान मौके से एलोपैथिक दवाइयां, उपयोग में लाई गई एवं रखी हुई सिरिंज तथा दवाइयों की पर्चियां जब्त की गईं।

SDM फरहान इरफान जमादार ने बताया कि नगर में अवैध क्लीनिक संचालित होने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही दो क्लीनिकों की जांच की गई। जांच में संबंधित व्यक्तियों के पास वैध रजिस्ट्रेशन और मान्य डिग्री नहीं मिली। मौके से एलोपैथिक दवाइयां और सिरिंज जब्त की गई हैं। आने वाले दिनों में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।

प्रशासन की कार्रवाई के बाद बिना वैध दस्तावेजों के चिकित्सा सेवाएं संचालित करने वालों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button