जिले में खनिज चोरी पर कसेगी लगाम, राजस्व को नुकसान पहुंचाने वालों पर होगी कार्रवाई, जांच टीमें गठित, यशभारत की खबर के बाद जागा प्रशासन

कटनी, यशभारत। शहर सहित समूचे जिले में खनिज संपदा के अवैध उत्खनन को लेकर यशभारत की खबर के बाद प्रशासन हरकत में आया है। अवैध उत्खनन पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन अब रणनीति बनाकर काम करेगा। खनिज चोरी को रोकने और सरकारी खजाने को मजबूत करने के लिए जांच टीमें गठित की गई है। खनिज संपदा की सुरक्षा और राजस्व संरक्षण के लिए प्रशासन अब पूरी सख्ती दिखाएगा। गौरतलब है कि यशभारत द्वारा 31 मई को कुठला और माधवनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत करीब आधा दर्जन से अधिक ठिकानों पर मुरुम के अवैध उत्खनन की खबर प्रकाशित की थी। इसके बाद जहां अवैध उत्खनन करने वाले खनन माफियाओं में हडकम्प मच गया तो वहीं प्रशासन भी अब खनिज संसाधनों की सुरक्षा और सरकारी राजस्व के संरक्षण को लेकर अलर्ट मोड पर आ गया है। कलेक्टर आशीष तिवारी ने कहा कि जिले की सीमाओं के भीतर किसी भी प्रकार के अवैध उत्खनन, परिवहन या भंडारण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे लोगों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
राजस्व संरक्षण के लिए विशेष चेकिंग
राजस्व को होने वाले नुकसान को रोकने के लिए खनिज विभाग, राजस्व विभाग और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमें मुख्य परिवहन मार्गों पर औचक निरीक्षण करेंगी। पिट पास, ई-रॉयल्टी और वैध दस्तावेजों के बिना खनिजों का परिवहन करने वाले वाहनों को तुरंत राजसात करने की चेतावनी दी गई है। जिले में खनिज संसाधनों की सुरक्षा और राजस्व संरक्षण के लिए प्रशासन सख्ती से कार्य करेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले चाहे कितने भी रसूखदार क्यों न हों, उनके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।







