मध्य प्रदेशराज्य

छुई मिट्टी निकालने के दौरान धसक गई खदान : महिला की दर्दनाक मौत, परिजनों को आर्थिक सहायता स्वीकृत

जिला प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य कर पहुंचाई सहायता

यशभारत , डिंडोरी । डिंडौरी जिले के शहपुरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत पड़रिया कला में निजी भूमि से छुई मिट्टी निकालने के दौरान हुई दुर्घटना में महिला की दर्दनाक मौत हो गई, तो वहीं परिजनों को शासन की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है।

 

जिला प्रशासन द्वारा घटना की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की गई।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पड़रिया कला स्थित निजी भूमि खसरा क्रमांक 230, रकबा 0.41 हेक्टेयर, जिसकी भूमिस्वामी शांति बाई हैं, में आसपास के ग्रामीण अपने कच्चे मकानों की छपाई के लिए छुई मिट्टी निकालने पहुंचे थे। इसी दौरान मिट्टी धसकने से दुर्घटना घटित हो गई। घटना के समय कुछ ग्रामीण सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे, जबकि ममता बाई (उम्र 47 वर्ष), पति केशव झरिया, मिट्टी के नीचे दब गईं।

 

घटना की सूचना प्राप्त होते ही अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) शहपुरा ऐश्वर्य वर्मा प्रशासनिक अमले के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। जेसीबी मशीन की सहायता से महिला को बाहर निकाला गया तथा 112 एम्बुलेंस सेवा के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शहपुरा पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

 

जिला प्रशासन ने बताया कि मृतका का संबल कार्ड पंजीकृत होने के कारण शासन की ओर से पात्रतानुसार 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की गई है। इसके अतिरिक्त रेडक्रॉस समिति से 50 हजार रुपये की सहायता राशि तथा अंत्येष्टि कार्यक्रम हेतु आवश्यक आर्थिक सहयोग भी तत्काल उपलब्ध कराया जा रहा है।

 

कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने घटना पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए दिवंगत महिला को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को परिजनों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए हैं।

 

जिला प्रशासन द्वारा घटना से प्रभावित परिवार को शासन की विभिन्न सहायता योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने की प्रक्रिया निरंतर जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button