90 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार

90 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार
भोपाल,यशभारत। राजधानी की स्टेशन बजरिया पुलिस ने देर रात चाँदबड़ क्षेत्र में घेराबंदी कर एक सफेद कार से 90 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार को भी जब्त कर लिया है।
स्टेशन बजरिया थाना प्रभारी शिल्पा कौरव ने बताया कि 29 अप्रैल की रात करीब 01:58 बजे चाँदबड़ वाहन चेकिंग पॉइंट पर पुलिस टीम ने एक सफेद रंग की कार को चेकिंग के लिए रोका। कार की तलाशी लेने पर डिग्गी और बीच वाली सीट से बैगपाइपर डीलक्स व्हिस्की की कुल 10 पेटियां बरामद हुईं। प्रत्येक पेटी में 12 बोतलें थीं, जिससे कुल 90 लीटर शराब जब्त की गई। बरामद शराब की कीमत करीब 81 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने मौके से आरोपी चंद्रभान सेन (40), निवासी चाँदबड़ को गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर ले रही है, ताकि अवैध शराब के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों और सप्लायरों की जानकारी जुटाई जा सके।







