भोपालमध्य प्रदेश

एम्स में 1400 से अधिक पदों पर सरकारी नौकरी का मौका, अंतिम तिथि 3 जुलाई

एम्स में 1400 से अधिक पदों पर सरकारी नौकरी का मौका, अंतिम तिथि 3 जुलाई

भोपाल, यशभारत। सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS), नई दिल्ली एक बड़ा अवसर लेकर आया है। एम्स ने कॉमन रिक्रूटमेंट एग्जामिनेशन-5 (CRE-5) 2026 के तहत ग्रुप बी और सी के नॉन-फैकल्टी पदों पर बंपर भर्ती निकाली है। इस केंद्रीय भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से देश भर के विभिन्न एम्स संस्थानों और अन्य केंद्रीय सरकारी स्वास्थ्य संगठनों में कुल 1,484 रिक्त पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। आवेदन की प्रक्रिया जारी है और फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 3 जुलाई को शाम 5 बजे तक ही है। समय कम होने के कारण उम्मीदवारों को जल्द से जल्द आधिकारिक वेबसाइट aiimsexams.ac.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन करने की सलाह दी गई है।

इस भर्ती अभियान के तहत प्रशासनिक, तकनीकी, प्रयोगशाला, नर्सिंग सहायता और क्लेरिकल विभागों से जुड़े विभिन्न पदों को भरा जाएगा। इनमें प्रमुख रूप से असिस्टेंट डाइटीशियन, डेटा एंट्री ऑपरेटर, जूनियर एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर, लोअर डिवीजन क्लर्क (LDC), अपर डिवीजन क्लर्क (UDC), जूनियर इंजीनियर (सिविल/इलेक्ट्रिकल/मैकेनिकल), फार्मासिस्ट, ड्राइवर और सीनियर नर्सिंग ऑफिसर आदि पद शामिल हैं। खास बात यह है कि इन पदों के लिए न्यूनतम योग्यता 10वीं और 12वीं पास से लेकर संबंधित विषयों में आईटीआई, डिप्लोमा, ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन निर्धारित की गई है। चयनित उम्मीदवारों को पदानुसार ₹44,900 से लेकर ₹1,42,400 प्रति माह तक का शानदार वेतनमान और अन्य सरकारी भत्ते मिलेंगे।

भर्ती के लिए न्यूनतम आयु सीमा 18 वर्ष निर्धारित की गई है, जबकि अधिकतम आयु सीमा अलग-अलग पदों के अनुसार 27, 30 और 35 वर्ष रखी गई है। आरक्षित श्रेणियों के आवेदकों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी, जिसके तहत ओबीसी वर्ग को 3 वर्ष और एससी/एसटी वर्ग को 5 वर्ष की छूट मिलेगी। आवेदन शुल्क सामान्य और ओबीसी श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए ₹3,000 और एससी, एसटी व ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए ₹2,400 तय किया गया है, जबकि दिव्यांग वर्ग के आवेदकों को शुल्क से पूरी तरह छूट दी गई है। एम्स द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, योग्य उम्मीदवारों के चयन के लिए कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) परीक्षा का आयोजन 25 से 27 जुलाई 2026 के बीच किया जाएगा। आवेदन केवल ऑनलाइन ही स्वीकार किए जाएंगे और किसी भी प्रकार की हार्ड कॉपी जमा नहीं करनी होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button