छह दिन से थमी बारिश, बढ़ी उमस; तापमान 35 डिग्री के पार, किसानों की चिंता बढ़ी
Rain halts for six days, humidity rises; temperature crosses 35 degrees, farmers' concerns grow.

छह दिन से थमी बारिश, बढ़ी उमस; तापमान 35 डिग्री के पार, किसानों की चिंता बढ़ी
भोपाल, यश भारत। मध्य प्रदेश में पिछले छह दिनों से मानसून की रफ्तार धीमी पड़ने से बारिश पर लगभग ब्रेक लग गया है। इसका असर अब तापमान और खेती दोनों पर दिखाई देने लगा है। प्रदेश के कई शहरों में दिन का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जबकि उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। लगातार बारिश नहीं होने से किसान भी खरीफ फसलों को लेकर चिंतित हैं। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अब तक सामान्य से करीब 7 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। सबसे अधिक असर पूर्वी मध्य प्रदेश में दिखाई दे रहा है जहां सामान्य से 21 प्रतिशत कम बारिश हुई है। यदि जल्द ही अच्छी बारिश नहीं हुई तो धान सोयाबीन और अन्य खरीफ फसलों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। विभाग का कहना है कि अगले पांच दिनों तक प्रदेश में कहीं भी भारी बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि 21 जिलों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। राजधानी भोपाल सहित कई जिलों में गर्मी और उमस का दौर जारी रहने की संभावना है। बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो प्रदेश में अब तक 241.8 मिलीमीटर (करीब 9.5 इंच) वर्षा दर्ज की गई है जबकि इस अवधि में सामान्य रूप से 260 मिलीमीटर (करीब 10.2 इंच) बारिश होनी चाहिए थी। यानी छह दिनों की बारिश की सुस्ती से मानसून का संतुलन बिगड़ गया है। मौसम विभाग ने किसानों और आम नागरिकों को मौसम के ताजा पूर्वानुमान पर नजर रखने की सलाह दी है। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में मानसून की गतिविधियां नहीं बढ़ीं तो कृषि क्षेत्र पर इसका असर और गहरा हो सकता है।







