चौराहों का आधुनिकीकरण, जल्द शुरू होगी पेड पार्किंग, चयनित स्थानों पर लगेंगे ठेला, फुटकर दुकानें, सडक़ों को अतिक्रमण मुक्त बनाने पर फोकस, सुगम एवं सुव्यवस्थित यातायात के लिए पुलिस एवं नगर निगम ने बनाई प्लानिंग

कटनी, यशभारत। शहर की अराजक और बेतरतीब यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए पुलिस एक्शन मोड पर आ गई है। एसपी अभिनय विश्वकर्मा एवं निगमायुक्त तपस्या परिहार के निर्देशन में आम जनता को सुरक्षित, सुगम एवं सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए प्रयास शुरू किए गए हैं। इसी कड़ी में यातायात थाना प्रभारी अनूप सिंह द्वारा यातायात पुलिस एवं नगर निगम की टीम के साथ शहर के विभिन्न मार्गों का भ्रमण कर यातायात की जमीनी स्थिति का जायजा लिया गया। टीम ने प्रमुख व्यावसायिक एवं आवासीय क्षेत्रों का बारीकी से अवलोकन किया। इस दौरान चांडक चौक, आदर्श कॉलोनी मोड़, नई बस्ती, घंटाघर, झंडा बाजार, सराफा बाजार, सुभाष चौक, मुख्य रेलवे स्टेशन, मॉल रोड, खिरहनी ब्रिज से होते हुए गर्ग चौराहा में वाहनों के दबाव, पैदल यात्रियों की आवाजाही और मार्ग में उत्पन्न होने वाले अवरोधों का तकनीकी व व्यावहारिक विश्लेषण किया गया।
निरीक्षण में सामने आई कई चुनौतियां
निरीक्षण के दौरान कई तरह की खामियां सामने आईं, जिसमे बाजार में व्यवस्थित पार्किंग स्थलों की कमी पाई गई। इस वजह से वाहन चालक मजबूरन सडक़ों के किनारे वाहन खड़े कर देते हैं, जिससे जाम की स्थिति निर्मित होती है। शहर के व्यावसायिक मार्गों पर लगातार बढ़ रहे स्थाई व अस्थाई अतिक्रमण के कारण सुचारू यातायात में व्यवधान आ रहा है। थाना तिराहा से लेकर बरही नाका तक मुख्य मार्ग के किनारों पर हाथ ठेले एवं अस्थाई सब्जी दुकानें लगती है, जिससे पीक अवर्स के दौरान यातायात पूरी तरह बाधित हो जाता है।
यातायात सुधार के लिए बनी कार्ययोजना
निरीक्षण के बाद यातायात प्रभारी अनूप सिंह एवं नगर निगम अधिकारियों के बीच चर्चा हुई, जिसके आधार पर यातायात व्यवस्था को अमूल-चूल रूप से सुधारने के लिए कार्ययोजना तैयार की गई है, जिसमे चौराहों के आधुनिकीकरण एवं रोटरी पुनर्निर्माण करने का निर्णय हुआ। चौराहों और तिराहों पर रोटेशन के लिए पूर्व से निर्मित रोटरियों का वैज्ञानिक व आधुनिक दृष्टिकोण से आधुनिकीकरण किया जाएगा। इन्हें नए सिरे से पुनर्निर्मित कर चौराहों के ज्यामितीय डिजाइन में सुधार किया जाएगाए जिससे दुर्घटनाओं में कमी आएगी और वाहनों की गति नियंत्रित व निरंतर बनी रहेगी।
सशुल्क पार्किंग की व्यवस्था
बाजार क्षेत्रों में सडक़ों पर होने वाली अवैध और बेतरतीब पार्किंग को रोकने के लिए नगर निगम के सहयोग से शीघ्र ही श्पैड पार्किंग की व्यवस्था शुरू की जाएगी। इसके तहत उपयुक्त स्थानों को चिह्नित कर पार्किंग जोन विकसित किए जाएंगेए जिससे वाहनों का प्रबंधन सुचारू हो सकेगा। थाना तिराहा से बरही नाका तक मार्ग को जाम मुक्त करने के उद्देश्य सेए सडक़ किनारे लगने वाले समस्त हाथ ठेलों और सब्जी विक्रेताओं के लिए एक सर्वसुविधायुक्त, उपयुक्त स्थान चिह्नित किया जाएगा। इन सभी दुकानदारों को उक्त चिन्हित स्थान पर स्थानांतरित किया जाएगा, ताकि मुख्य मार्ग पूरी तरह अवरोध-मुक्त हो सके।
इन अधिकारियों ने किया निरीक्षण
इस अवसर पर यातायात थाना प्रभारी अनूप सिंह, प्रोफेसर राहुल तिवारी विशेषज्ञ, मैनिट भोपाल, प्रोफेसर डॉक्टर अनुज जायसवाल विशेषज्ञ, मैनिट भोपाल, मानवेन्द्र सिंह अतिक्रमण दस्ता प्रभारी, आरक्षक योगेंद्र सिंह, आरक्षक राजकुमार शामिल रहे।
इनका कहना है
यातायात थाना प्रभारी अनूप सिंह ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य नागरिकों को सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था देना है। पुलिस प्रशासन और नगर निगम मिलकर सडक़ों को अतिक्रमण मुक्त और सुव्यवस्थित बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इस कार्ययोजना को शीघ्र ही धरातल पर उतारा जाएगा। शहर के प्रबुद्ध नागरिकों, व्यापारियों और वाहन चालकों से अपील है कि वे इस यातायात सुधार अभियान में प्रशासन का सहयोग करें, ताकि शहर को जाम की समस्या से स्थायी मुक्ति दिलाई जा सके।






