चोरी की बाइक सहित आरोपी गिरफ्तार, संदेही से पूछताछ के बाद ढीमरखेड़ा पुलिस ने किया खुलासा

कटनी, यशभारत। ढीमरखेड़ा पुलिस ने 24 घंटे के अंदर चोरी गई मोटर सायकिल बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेजा गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा द्वारा जिले में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने एवं चोरी के प्रकरणों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए निर्देशित किया गया है। निर्देशों के पालन में ढीमरखेड़ा थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा चोरी के प्रकरण में फरार आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि प्रताप सिंह गोंड पिता चौबे सिंह गोंड निवासी ग्राम महगंवा ने थाने में उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि 20 अगस्त की रात उसके घर के बरामदे में खड़ी मोटर सायकिल अज्ञात चोर चोरी कर ले गया था। जिस पर प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया और विवेचना के दौरान संदेही सनत यादव पिता दलवीर यादव निवासी करौंदा थाना उमरिया से कड़ाई से पूछताछ करने पर उसके द्वारा बताया गया की रस्ते सिंह पिता फागू सिंह निवासी ग्राम महगंवा एक मोटर सायकिल चुराकर लाया था, इसको बेचने की बात कही। जिस पर गाड़ी को अपने घर में रख लिया था। मोटर सायकिल को सनत यादव के कब्जे से बरामद किया गया एवं चोरी के मुख्य आरोपी रस्ते सिंह की तलाश की जा रही है।







