चोरियों से दहशत : मंदिरों को भी निशाना बना रहे चोर, देवराकला के प्राचीन मंदिर से चांदी का कीमती मुकुट चोरी, बाइक चोरी की वारदातों में इजाफा

कटनी, यशभारत। देवराकलां में चोरों ने आस्था के केंद्र को निशाना बना लिया। यहां बडग़ैंया मोहल्ला स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर का ताला तोडक़र अज्ञात बदमाश भगवान हनुमान की प्रतिमा पर सुशोभित करीब एक किलोग्राम वजनी चांदी का मुकुट चोरी कर ले गए। घटना के बाद पूरे गांव में आक्रोश का माहौल है। जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह रोजाना की तरह मंदिर के पुजारी पूजा अर्चना के लिए पहुंचे तो मंदिर का मुख्य ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो भगवान हनुमान की प्रतिमा से चांदी का मुकुट गायब था। इसकी सूचना तत्काल मंदिर समिति और ग्रामीणों को दी गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मंदिर पहुंच गए। ग्रामीणों का कहना है कि सावन जैसे पवित्र माह में मंदिर में हुई चोरी ने लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। चोरी गए चांदी के मुकुट की कीमत हजारों रुपये बताई जा रही है। लोगों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मंदिर समिति और ग्रामीणों से पूछताछ शुरू कर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
माधवनगर में चोरी, नारायण बेकरी के सामने मोबाइल और नकदी पार कर दिया चोरों ने
माधवनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत नारायण बेकरी के सामने से एक युवक का मोबाइल और जेब में रखे नकदी रुपये चोरी होने की वारदात सामने आई है। पुलिस ने पीडि़त की शिकायत पर मामला दर्ज कर हुलिए के आधार पर संदेही और अज्ञात चोर की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार माधवनगर के खैबर लाइन निवासी सनी जैसवानी 32 वर्ष पिता अंजनी जैसवानी मंगलवार 7 जुलाई की सुबह करीब 11.15 बजे किसी काम से नारायण बेकरी के सामने खड़े थे। इसी दौरान अज्ञात चोर ने बेहद शातिराना ढंग से उनकी जेब और सामान पर हाथ साफ कर दिया। पीडि़त सनी जैसवानी के मुताबिक चोर ने उनके पास रखे 2 हजार 500 रुपये नकद और एक कीमती मोबाइल पार कर दिया, जिसकी कीमत करीब 20 हजार रुपये आंकी गई है। कुछ ही देर में जब सनी को चोरी का अहसास हुआए तो उन्होंने आसपास तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
मुक्तिधाम के पास से बाइक चोरी, जांच में जुटी पुलिस
बाकल थाना क्षेत्र के अंतर्गत मुक्तिधाम परिसर से एक मोटरसाइकिल चोरी हो गई। अज्ञात चोर दिनदहाड़े खड़ी गाड़ी का लॉक तोडक़र फरार हो गया। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार ग्राम चनपुरा निवासी रतन सिंह लोधी 6 जुलाई की दोपहर बाइक से बाकल आए थे। उन्होंने अपनी गाड़ी मुक्तिधाम के पास खड़ी की थी, जब वे वापस लौटे तो उन्हें वहां गाड़ी नहीं मिली। आसपास के लोगों से पूछताछ और काफी खोजबीन करने के बाद भी जब बाइक का कहीं पता नहीं चला, तब रतन सिंह ने बाकल थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ धारा 303(2) के तहत चोरी का मामला दर्ज किया है।







