घने कोहरे में बड़ा हादसा: सतना-नागौद मार्ग पर ऑटो को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, एक ही परिवार के 12 लोग घायल

सतना lसतना-नागौद मुख्य मार्ग पर घने कोहरे के चलते एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सितपुरा गांव के पास रात करीब 1 बजे एक ऑटो और अज्ञात वाहन के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में ऑटो में सवार एक ही परिवार के 12 लोग घायल हो गए, जिनमें दो महिलाओं सहित छह लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय सड़क पर घना कोहरा छाया हुआ था, जिससे दृश्यता बेहद कम थी। इसी कारण सामने से आ रहे वाहन का सही अंदाजा नहीं लग पाया और तेज रफ्तार में टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो सड़क किनारे पलट गया और उसमें सवार लोग इधर-उधर जा गिरे।
घायलों ने बताया कि टक्कर मारने वाला वाहन मौके से फरार हो गया, जिसकी पहचान नहीं हो सकी है। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को जानकारी दी, जिसके बाद सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
बताया जा रहा है कि सभी लोग एक ही परिवार के सदस्य हैं और हलवाई का काम करते हैं। वे सेमरिया चौक स्थित कन्हैया पैलेस में कार्यक्रम का काम निपटाकर ऑटो बुक कर नागौद स्थित अपने घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। डॉक्टरों के अनुसार गंभीर घायलों का इलाज जारी है, जबकि बाकी लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद निगरानी में रखा गया है।







