खाद-बीज व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, सीईओ ने दिखाए सख्त तेवर
किसानों को समय पर और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराएं खाद एवं बीज, एपीसी बैठक में विस्तृत समीक्षा

खाद-बीज व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, सीईओ ने दिखाए सख्त तेवर
किसानों को समय पर और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराएं खाद एवं बीज, एपीसी बैठक में विस्तृत समीक्षा
कटनी, यशभारत। रबी एवं खरीफ फसलों की तैयारियों को लेकर जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर की अध्यक्षता में कृषि उत्पादन समिति (एपीसी) बिंदुओं पर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कृषि, आत्मा, पशु चिकित्सा, उद्यान, सहकारिता, मत्स्य, विपणन, एमपी एग्रो, कृषि उपज मंडी समिति, बीज निगम और लीड बैंक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान कृषि विभाग से अरुणिमा सेन सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
बैठक में खरीफ फसल वर्ष की तैयारियों के तहत प्रमुख फसलों के प्रस्तावित क्षेत्र, उत्पादन एवं उत्पादकता की विस्तार से समीक्षा की गई। कृषि विभाग द्वारा धान के स्थान पर लघुधान्य, दलहन एवं तिलहन फसलों के क्षेत्र विस्तार की कार्ययोजना प्रस्तुत की गई, जिस पर सीईओ ने गंभीरता से दिशा-निर्देश दिए।
सीईओ सुश्री कौर ने खाद एवं बीज की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए स्पष्ट कहा कि किसानों के हित में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि उर्वरक वितरण प्रणाली को पारदर्शी, सुगम और समयबद्ध बनाया जाए, ताकि किसानों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने डबल लॉक केंद्रों, मार्केटिंग सोसायटी, एमपी एग्रो एवं पैक्स में पर्याप्त मात्रा में खाद और बीज का भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में आधुनिक कृषि यंत्रों के उपयोग को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया। सीईओ ने सीडर, हैप्पी सीडर, रोप-र कंबाइनर एवं स्ट्रा रीपर जैसे यंत्रों के अधिकतम प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए, ताकि नरवाई प्रबंधन को प्रभावी बनाया जा सके।
उन्होंने बीज एवं खाद की गुणवत्ता पर सख्ती दिखाते हुए निजी विक्रेताओं की दुकानों का निरीक्षण कर सघन जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए और स्पष्ट चेतावनी दी कि अनियमितता पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत सभी किसानों का बीमा सुनिश्चित करने तथा पैक्स के माध्यम से बीज वितरण व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं व्यवस्थित करने के निर्देश दिए।







