कटनी की रेत खदानें एक बार फिर गुलजार, अब अवैध की बजाय वैध होगा उत्खनन, सुप्रीम कोर्ट से धनलक्ष्मी कंपनी के पक्ष में आया फैसला

कटनी, यशभारत। कटनी की रेत खदानें एक बार फिर गुलजार नजर आएंगी। अब यहां अवैध की बजाए वैध रूप से उत्खनन किया जा सकेगा। सुप्रीम कोर्ट से धनलक्ष्मी कंपनी के पक्ष में फैसला आने के बाद जल्द ही कंपनी द्वारा एक बार फिर रेत का उत्खनन शुरू किया जाएगा। उम्मीद की जा रही है कि दीपावली के पहले कंपनी सभी औपचारिकाताओं को पूरा कनने के बाद काम शुरू कर देगी। बताया जाता है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद जिला स्तर पर भी सभी प्रशासनिक और कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। रेत का ठेका निरस्त होने के बाद महानदी के घाटों पर रेत का अवैध उत्खनन शुरू हो गया। पुलिस और खनिज विभाग ने समय-समय पर कार्रवाई भी की। विदित हो कि दिसंबर 2025 में राज्य सरकार द्वारा पुराने और नए टेंडर के बीच राजस्व अंतर और अन्य कारणों का हवाला देते हुए धनलक्ष्मी कंपनी की लेटर ऑफ इंटेंट निरस्त कर दिया था। सरकार के इस निर्णय के बाद रेत के कारोबार में हडक़ंप मच गया था और खनन प्रक्रिया पूरी तरह ठप हो गई थी। इसको लेकर धनलक्ष्मी कंपनी ने हाईकोर्ट की शरण ली और याचिका दायर की। हाईकोर्ट ने राज्य सरकार के फैसले को सही ठहराते हुए निर्णय सरकार के पक्ष में दिया। हाईकोर्ट से झटका लगने के बाद कंपनी ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया। सुप्रीम कोर्ट में मामले की गहन सुनवाई के बाद फैसला धनलक्ष्मी कंपनी के पक्ष में आया।
महानदी के घाटों पर पहुंचा प्रशासन, जेसीबी से खुदवाए गड्ढे
जिले में अवैध रेत परिवहन पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से बड़वारा पुलिस, खनिज एवं राजस्व विभाग द्वारा अवैध रेत परिवहन के विरुद्ध एसपी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में महानदी के विभिन्न घाटों पर संयुक्त रूप से कार्रवाई की गई। जाकारी के मुताबिक बड़वारा थाना क्षेत्र के अंतर्गत महानदी के विभिन्न घाटों से अवैध रूप से रेत निकालकर परिवहन किए जाने की शिकायतों एवं प्राप्त जानकारी के आधार पर पुलिस, खनिज एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान ग्राम गुड़ाकलां, विलायतखुर्द, देवरी, भदौरी नंबर 1 एवं बसाड़ी स्थित महानदी के 5 घाटों पर जेसीबी मशीन की सहायता से अवैध रेत परिवहन में उपयोग किए जाने वाले रास्तों पर गड्ढे खुदवाए गए, साथ ही इन मार्गों को अवरुद्ध कराया गया, जिससे अवैध रूप से रेत के परिवहन पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। संयुक्त कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य नदी घाटों से अवैध रूप से रेत निकालने एवं उसका परिवहन करने की गतिविधियों पर अंकुश लगाना तथा अवैध परिवहन के लिए उपयोग किए जा रहे मार्गों को बंद करना है। पुलिस, खनिज एवं राजस्व विभाग द्वारा आपसी समन्वय के साथ की गई इस कार्रवाई से अवैध रेत परिवहन में उपयोग होने वाले रास्तों को बंद करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाया गया है। जिले में अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण स्थापित करने के लिए संबंधित विभागों द्वारा समन्वित कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में बड़वारा तहसीलदार ऋषि गौतम, खनिज अधिकारी पवन कुशवाहा एवं बड़वारा थाना प्रभारी सुयश पाण्डेय की प्रमुख भूमिका रही।
जान जोखिम में डालकर मजदूरों से करा रहे उत्खनन
बड़वारा थाना क्षेत्र के अंतर्गत महानदी के पुराने नाउहा घाट एवं ग्राम भुड़सा के संगम घाट पर नियमों को ताक पर रखकर रेत का अवैध उत्खनन और परिवहन किया जा रहा है। इससे न केवल प्राकृतिक संसाधनों का दोहन हो रहा है, बल्कि दर्जनों मजदूरों और चालकों की जान को भी दांव पर लगाया जा रहा है। विगत दिनों सामने आए एक वीडियो ने इस काले कारोबार की पोल खोल दी थी। वीडियो के अनुसार महानदी घाट से रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का परिवहन खतरनाक और अव्यवस्थित तरीके से किया जा रहा है। ट्रैक्टर चालकों और वाहनों पर लदे मजदूरों की जान हर पल खतरे में नजर आती है।
ग्रामीणों का आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि अवैध खननकर्ताओं के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे बिना किसी खौफ के दिन-दहाड़े इस खेल को अंजाम दे रहे हैं, जिससे क्षेत्र में आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। क्षेत्रवासियों का सीधा आरोप है कि खनन विभाग और स्थानीय पुलिस की कथित मिलीभगत के चलते यह अवैध कारोबार धड़ल्ले से फल-फूल रहा है। बार बार शिकायतों के बावजूद ठोस कार्रवाई न होने से माफियाओं के हौसले बुलंद हैंए जिससे कभी भी कोई बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
बड़वारा पुलिस ने जब्त की ट्रैक्टर ट्रॉली
बड़वारा पुलिस ने अवैध रूप से रेत का परिवहन करते हुए दो ट्रैक्टर ट्रॉली जब्त की है। थाना प्रभारी सुयश पांडे ने बताया कि बड़वारा पुलिस को ग्राम भुडसा में मुसरा नाला के पास एक ट्रैक्टर मिला, जिसकी ट्रॉली में रेत भरी हुई थी। चालक ट्रेक्टर छोडक़र भाग गया। इसी प्रकार ग्राम बसाड़ी में मेन रोड पर एक ट्रैक्टर मिला, जिसकी ट्रॉली में रेत भरी हुई थी। ट्रेक्टर चालक लकी सिंह निवासी ग्राम गणेशपुर से रेत के संबंध में दस्तावेज चाहे गए, जो कोई दस्तावेज होना नही बताया। दोनो ट्रेक्टर ट्राली को जब्त कर ट्रेक्टर चालक के विरुद्ध धारा 106 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी सुयश पाण्डेय, एएसआई महेश प्रताप सिंह, एएसआई रामनाथ साकेत, प्रधान आरक्षक नितेश डोंगरे, आरक्षक रंजीत सिंह की विशेष भूमिका रही।









