ऑनलाइन धोखाधड़ी : युवक के बैंक खाते से गायब हुए 2.96 लाख, कोतवाली पुलिस ने दर्ज किया मामला

कटनी, यशभारत। कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक युवक के बैंक खाते से अज्ञात आरोपियों ने 3 लाख रुपये की बड़ी राशि पार कर दी। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार कोतवाली थाना क्षेत्र के मोती बाग माई नदी निवासी आशीष गौतम के साथ यह ऑनलाइन ठगी हुई। 4 मार्च को दोपहर करीब 12.39 बजे उनके बैंक खाते से अज्ञात तरीके से 2 लाख 96 हजार रुपये की अवैध निकासी कर ली गई। जब प्रार्थी को खाते से इतनी बड़ी राशि कटने की जानकारी मिली तो उनके होश उड़ गए। बैंक और अन्य माध्यमों से स्थिति स्पष्ट न होने पर उन्होंने पुलिस की शरण ली और कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत केस दर्ज किया गया है। कोतवाली पुलिस अब उस डिजिटल ट्रेल की जांच कर रही है, जिसके माध्यम से यह राशि ट्रांसफर की गई है। पुलिस साइबर सेल की मदद से यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह राशि किस खाते में गई है और ठगी के लिए किस तकनीक लिंक ओटीपी या फिशिंग का इस्तेमाल किया गया।






