कटनी

इधर मोबाइल हैकिंग से उड़े तीन लाख, उत्तराखंड से हैकर को पकडक़र कटनी आई कोतवाली पुलिस, एक आरोपी को भेजा जेल, अन्य की तलाश जारी

कटनी, यशभारत। मोबाईल फोन हैक कर खाते से करीब 3 लाख रूपए उड़ाने वाले आरोपी को कोतवाली पुलिस ने उत्तराखण्ड से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। कोतवाली टीआई राखी पांडे ने बताया कि विगत 16 मार्च को मोतीबाग माई नदी के पास निवासी आशीष गौतम पिता लालमन गौतम ने पुलिस अधीक्षक को अपने साथ सायबर फ्राड होने की शिकायत दी थी। शिकायत में कहा गया था कि उनका खाता पंजाब नेशनल बैंक शहडोल ब्रांच में है और खाते से लिंक मोबाईल नंबर से फोन पे का उपयोग करते हैं। उनके खाते में करीब 3 लाख रूपए की राशि थी, जो अपनी बहन की शादी के लिए जमा की थी। खाते से अलग-अलग तारीख व समय पर किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा 2 लाख 96 हजार रूपए ऑनलाईन निकाल लिए गए है। रिपोर्ट पर कोतवाली थाने में धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला कायम कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान बैंक खाते के ट्रांजेक्शन के बारे में जानकारी एकत्रित की गई। खाते से विभिन्न खातों से 2 लाख 96 हजार रूपए ऑनलाईन ट्रांसफर होना पाया गया। जिस पर सायबर सेल से संबंधित खाताधारकों के बारे में जानकारी एकत्रित की गई। संदेहियों के खाते अलग-अलग स्थानों में संचालित होना पाए गए। पुलिस अधीक्षक द्वारा मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली थाना प्रभारी राखी पाण्डेय के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। टीम में शामिल खिरहनी चौकी प्रभारी किशोर कुमार द्विवेदी एवं स्टाफ को आरोपियों की तलाश के लिए रवाना किया गया। टीम द्वारा सायबर सेल की मदद व तकनीकी साक्ष्य एकत्रित करते हुए दिल्ली व उत्तराखण्ड में आरोपियों की तलाश की गई। मामले में संदेही गुरमीत सिंह पिता दर्शन सिंह को कौशलपुर थाना गदरपुर उत्तराखण्ड से अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। जिसके द्वारा अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर आशीष गौतम के खाते से धोखाधड़ी कर 2 लाख 96 हजार रूपए की ठगी करना स्वीकार किया। आरोपी को कटनी लाकर माननीय न्यायालय पेश किया गया। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस कार्यवाही में कोतवाली थाना प्रभारी राखी पाण्डेय, एसआई किशोर कुमार द्विवेदी, माधवनगर थाने से एसआई नवीन नामदेव, आरक्षक उमाकांत तिवारी, लोकेन्द्र सिंह, सायबर सेल से आरक्षक सतेन्द्र सिंह, चंदन प्रजापति, अमित श्रीपालए की अहम भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button