अलग-अलग ठिकानों पर कोतवाली पुलिस की दबिश, अवैध शराब के साथ 4 आरोपी गिरफ्तार, ऑपरेशन शिकंजा के तहत कार्रवाई

कटनी, यशभारत। जिले में अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे ऑपरेशन शिकंजा के तहत कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 150 पाव अवैध देशी शराब जब्त की है। इस कार्रवाई में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके कब्जे से लगभग 15 हजार रुपये मूल्य की शराब बरामद हुई है। एसपी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशानुसार जिले भर में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में कोतवाली थाना प्रभारी राखी पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस ने सफलता हासिल की। कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी करते हुए चौपाटी क्षेत्र से मेहबूब के पास से 34 पाव देशी शराब, कैलवाराखुर्द से पवन दुबे के पास से 45 पाव शराब, सावरकर वार्ड चौधरी मोहल्ला से रूबी अहिरवार के पास से 40 पाव शराब, खिरहनी फाटक से हीरालाल निषाद के पास से 29 पाव शराब बरामद की। आरोपियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
क्रिकेट सट्टा खेलते हुए युवक गिरफ्तार
कोतवाली पुलिस ने गांधी गंज निवासी शुभम पाण्डेय को मोबाइल फोन पर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खेलते पाए जाने पर सट्टा एक्ट की धारा 4 क के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय, उपनिरीक्षक कुलदीप सिंह, सहायक उपनिरीक्षक प्रहलाद पैकरा, रमेश शरण मिश्रा, प्रधान आरक्षक विरेन्द्र तिवारी सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।







