अनवरत बारिश से उफनाई कटनी नदी, कटाएघाट एनीकट में ऊपर से बह रहा पानी, मसुरहा और मोहन घाट में डूबी सीढिय़ां, बारिश नहीं रूकी तो आसपास की बस्तियों में बढ़ सकता खतरा

कटनी, यशभारत। पिछले एक सप्ताह से लगातार हो रही बारिश की वजह से कटनी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। कटाएघाट में बना बैराज जहां पानी से लबालब हो गया है तो एनीकट एटॉपडेम के ऊपर से पानी बह रहा है। इसी तरह मोहनघाट और मसुरहा घाट की सीढिय़ां भी पानी में डूब गई है। आलम यह है कि यदि बारिश इसी तरह होती रही तो कटनी नदी से सटे इलाकों में खतरा बढ़ सकता है और यहां रहने वाले लोगों को जलभराव की समस्या का सामना करना पड़ सकता है, हालांकि प्रशासन की इन स्थितियों पर पैनी नजर है। नगर निगम ने जहां पहले ही बाढ़ नियंत्रण कक्ष बना दिया है और सूचनाओं के आदान प्रदान के लिए फोन नंबर जारी किया है तो वहीं प्रशासन, पुलिस और होमगार्ड द्वारा इन सब स्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां की गई हैं। उधर दूसरी तरफ मौसम विभाग ने एक बार फिर अलर्ट जारी करते कटनी सहित आसपास के जिलों में भारी बरिश की चेतावनी दी है। ग्रामीण क्षेत्रों की बात करें तो यहां अनवरत बारिश की वजह से किसानों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, जहां खेतों में किसानों द्वारा रोपा लगा दिया गया था, वहां पानी भरने की वजह से परेशानियां हो रही है। किसानों को खेतों में भरे पानी को बाहर निकालना पड़ रहा है। आंकड़ों की बात करें तो कटनी जिले में पिछले साल की तुलना में इस बार भी औसत बारिश का आंकड़ा काफी पीछे है। जानकारी के मुताबिक कटनी जिले में अभी तक 580 मिलीमीटर यानि लगभग 24 इंच बारिश दर्ज की गई है। वैसे भी मौसम विभाग ने इस बार पिछले साल की तुलना में इस बार कम बारिश होने की संभावना व्यक्त की थी।
सही समय पर दस्तक, फिर रूठ गया मानसून
इस साल कटनी जिले में मानसून ने सही समय पर दस्तक दी थी। जुलाई के पहले सप्ताह से बारिश का सिलसिला शुरू हो गया था लेकिन जैसे ही जुलाई का आधा महीना बीता, वैसे ही मानसून जैसे रूठ गया। कहा जाता है कि सावन के महीने में अच्छी बारिश होती है, लेकिन इस बार सावन का महीना आधा सूखा ही बीत गया। 15 सावन के दूसरे सोमवार के बाद मानसून एक्टिव हुआ और अब अच्छी बारिश हो रही है।
कटाएघाट बैराज लबालब
नगर निगम जल प्रदाय विभाग से मिली जानकारी के अनुसार कटनी नदी के कटाएघाट में बना बैराज पानी से लबालब हो गया है। प्रभारी कार्यपालन यंत्री मृदुल श्रीवास्तव ने यशभारत को बताया कि मानसून एक्टिव होने के बाद पहली बारिश में ही कटाएघाट बैराज ओवरफ्लो हो गया था। अब कटाएघाट एनीकट स्टापडेम के ऊपर से पानी बह रहा है। कटनी नदी के जलस्तर में हर दिन पानी बढ़ रहा है।
सीढिय़ां डूबी, बढ़ा खतरा
पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश के बाद कटनी नदी के मोहन घाट और मसुरहाघाट की सीढिय़ां पानी में डूब गई है। पिछले 24 घंटे में कटनी नदी के जलस्तर में तेजी से वृद्धि हुई है। बुधवार सुबह तक जहां सीढिय़ों के नीचे से पानी बह रहा था तो बीती रात हुई बारिश के बाद आज सुबह का नजारा देखने लायक था। यहां कई सीढिय़ां पानी में डूबी दिखीं। जिससे आसपास की बस्तियों में खतरा मंडरा रहा है।
पिछले साल की तुलना में 31 प्रतिशत कम वर्षा
भले ही पिछले एक सप्ताह से कटनी जिले में मानसून एक्टिव हो लेकिन आंकड़े पर नजर डालें तो पिछले वर्ष की तुलना में अभी तक 31.2 कम प्रतिशत वर्षा दर्ज की गई है, जबकि सामान्य वर्षा की तुलना में आज तक कुल 53.4 प्रतिशत वर्षा ही हुई है। पिछले 24 घंटे में कटनी जिले में 45 मिलीमीटर औसत बारिश हुई है।







