अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत : एक गंभीर घायल

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के केवलारी थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों और तेज रफ्तार वाहनों को लेकर लोगों में चिंता भी देखी जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, केवलारी थाना अंतर्गत ग्राम सरेखा निवासी निहाल साहू और अरविंद साहू शनिवार रात ग्राम बोथिया से केटरिंग का कार्य समाप्त कर बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान केवलारी-मंडला मार्ग पर स्थित एक पेट्रोल पंप के पास उनकी बाइक को किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही केवलारी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने 108 एम्बुलेंस की सहायता से दोनों घायलों को केवलारी सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद निहाल साहू को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल अरविंद साहू का उपचार जारी है। उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर वाहन की तलाश की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि केवलारी-मंडला मार्ग पर रात के समय तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने प्रशासन से सड़क पर यातायात नियंत्रण और रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।







