सड़कों पर सख्ती: नियम तोड़ने वालों पर प्रशासन का शिकंजा
कटनी–कैमोर रोड पर सघन जांच, बिना परमिट व ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई

सड़कों पर सख्ती: नियम तोड़ने वालों पर प्रशासन का शिकंजा
कटनी–कैमोर रोड पर सघन जांच, बिना परमिट व ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई
कटनी। जिले में परिवहन नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन की सख्ती लगातार जारी है। कलेक्टर के निर्देश पर अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी संतोष पॉल द्वारा दूसरे दिन भी कटनी–कैमोर रोड पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया, जिसमें नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान दो दर्जन से अधिक वाहनों की जांच की गई, जिनमें 9 वाहन विभिन्न अनियमितताओं के साथ संचालित होते पाए गए। सभी के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए 5 वाहनों को थाना कुठला और 4 वाहनों को थाना कैमोर में सुरक्षित खड़ा कराया गया।
जांच में एक ट्रक बिना वैध परमिट के संचालित होता मिला, जिसे मौके पर ही जब्त कर लिया गया। वहीं दो यात्री बसें बिना परमिट, फिटनेस और टैक्स के चलती पाई गईं, जिन पर भी सख्त कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने बताया कि ऐसे वाहन यात्रियों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बनते हैं।
इसके अलावा कई वाहन ओवरलोड पाए गए, जिनके खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए उन्हें जब्त किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ओवरलोडिंग से सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ता है और सड़कों को भी नुकसान पहुंचता है।
अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी संतोष पॉल ने कहा कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ ही वाहन चलाएं और नियमों का पालन करें। प्रशासन का उद्देश्य सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
लगातार दूसरे दिन हुई इस कार्रवाई से साफ है कि जिला प्रशासन परिवहन व्यवस्था को दुरुस्त करने और नियमों के पालन को लेकर पूरी तरह गंभीर नज़र आ रहा हैं।







