भीषण सड़क हादसा : दो ट्रैकों के बीच में फंसकर ट्रक चालक की दर्दनाक मौत, 2 घंटे चले रेस्क्यू के बाद पुलिस ने निकाला शव

ग्वालियर lग्वालियर में उस वक्त हड़कंप मच गया जब हाईवे पर झांसी रोड थाना क्षेत्र के कोटे की सराय इलाके में ट्रक से नीचे लटक रही स्टेपनी को सुधारने गए ट्रक चालक को पीछे से आ रहे एक ट्रक ने टक्कर मार दी, हादसे के दौरान ट्रक चालक दोनों ट्रैकों के बीच में फस गया और उसकी दर्दनाक मौत हो गई lमौके पर पहुंची पुलिस ने 2 घंटे चले रेस्क्यू के बाद ट्रक चालक के शव को निकाल कर मर्ग कायम कर मामला जांच में लिया हैl
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में सामने आया कि ट्रकों की चपेट में आने से चालक की मौके पर ही मौत हो गई थी और उसका शव दोनों ट्रकों के बीच में फंसा हुआ था। शव को निकालने में करीब दो घंटे का समय लग गया, जिसके कारण हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई।
दतिया के तलैया मोहल्ला निवासी 51 वर्षीय नजर अली पुत्र असगर अली ट्रक चालक हैं। वे ग्वालियर निवासी हिमालय लाम्बा का ट्रक चलाते हैं। उनके साथ ट्रक पर सैयद अली हेल्पर का काम करता है। बुधवार-गुरुवार रात वे ग्वालियर से परचून का सामान भरकर दतिया ले जा रहे थे। ट्रक जब हाईवे पर कोटे की सराय के नाले के पास, मस्जिद गैस गोदाम के समीप पहुंचा, तभी पीछे से कोई आवाज आई।
आवाज सुनते ही नजर अली ने ट्रक रोक दिया। चालक नजर अली और हेल्पर सैयद अली दोनों पीछे चेक करने पहुंचे तो देखा कि स्टेपनी लटक रही थी और उसके जमीन से टकराने के कारण आवाज आ रही थी।
इसका पता चलते ही नजर अली ने हेल्पर सैय्यद से रिंच और पाना लेकर आने को कहा और वह उसे सुधारने लगा। तभी तेज रफ्तार आ रहे ट्रक क्रमांक एमपी 06 जेडसी 0997 के चालक ने लापरवाही से चलाते हुए खड़े ट्रक में पीछे से टक्कर मार दी।







