प्रेम प्रसंग के चलते बिहारी युवक की हत्या : पत्नी के पूर्व पति ने दोस्त के साथ मिलकर रची साजिश, पत्थर से सिर कुचलकर उतार दिया मौत के घाट

सतना।बाबूपुर चौकी अंतर्गत बडेरा गांव के नहर किनारे 11 जून को मिला अज्ञात शव अब एक सुनियोजित हत्या का मामला निकला है। जांच में सामने आया कि मृतक पवन कुमार बिहार के मधेपुरा जिले का रहने वाला था, जिसकी हत्या प्रेम प्रसंग के चलते की गई थी। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य साजिशकर्ता अभी भी फरार है।
पुलिस के अनुसार, मृतक पवन कुमार डीएलएड की परीक्षा देने 22 मई को सतना आया था और अपने दोस्त अभिषेक सिंह के साथ धवारी क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहा था। 11 जून को अंतिम पेपर के दिन वह सुबह एमएलबी स्कूल तो पहुंचा, लेकिन परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने की बजाय गेट पर रुक गया और फिर लापता हो गया। उसके दोस्त ने कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
*पत्नी के पूर्व पति से चल रहा था विवाद*
पुलिस पड़ताल में सामने आया कि पवन बिहार के मधेपुरा जिले में आरोपी राजीव सिंह के बच्चों को ट्यूशन पढ़ाने जाता था। इसी दौरान पवन का राजीव की पत्नी से प्रेम संबंध हो गया। करीब डेढ़ साल पहले वह महिला को लेकर बैंगलुरु चला गया था। इस वजह से दोनों परिवारों में जबरदस्त विवाद हुआ। हाल ही में पवन और उक्त महिला फिर से मधेपुरा लौटे थे, जिससे राजीव नाराज था और बदला लेना चाहता था।
*ऑटो में बैठाकर सुनसान जगह ले गए, फिर की हत्या*
टीआई सुदीप सोनी के अनुसार, हत्या वाले दिन राजीव सिंह अपने दोस्त वीरेंद्र सिंह के साथ सतना आया था। दोनों ने एमएलबी स्कूल के बाहर से पवन को ऑटो में बैठाया और बडेरा गांव के नहर किनारे ले गए। वहां दोनों ने पहले पवन के पैर बांध दिए और फिर पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी। हत्या के बाद दोनों आरोपी वापस बिहार भाग गए।
*सीसीटीवी और मोबाइल लोकेशन से खुला राज*
अज्ञात शव की शिनाख्त के बाद पुलिस ने शहर के प्रमुख चौराहों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। एक फुटेज में पवन दो लोगों के साथ ऑटो में जाते दिखा। ऑटो चालक से पूछताछ में पता चला कि दोनों युवक पवन को अपना भाई बता रहे थे और पैसों के लेन-देन की बात कर रहे थे। इसके बाद तीनों नहर किनारे उतर गए थे।
एक आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार
मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने जब मधेपुरा में दबिश दी तो वीरेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह राजीव के कहने पर हत्या में शामिल हुआ था। फिलहाल मुख्य आरोपी राजीव सिंह फरार है, जिसकी तलाश के लिए पुलिस टीमें बिहार में डेरा डाले हुए हैं।
*पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हत्या, साजिश और सबूत मिटाने की धाराओं में केस दर्ज किया है।*







