यश भारत, सतना।मैहर जिले के रामनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत दधीचटोला गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदे गए गड्ढे में एक अधेड़ व्यक्ति का शव पड़ा मिला। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और तत्काल पुलिस को जानकारी दी गई।
मृतक की पहचान लल्लू दास परवार के रूप में हुई है, जो आदिवासी आश्रम शाला दुअरियां में अधीक्षक के पद पर पदस्थ थे। बताया गया कि दधीचटोला क्षेत्र में इन दिनों पाइपलाइन का कार्य चल रहा है, जिसके लिए सड़क किनारे गड्ढा खोदा गया था। सुबह कुछ ग्रामीणों की नजर गड्ढे में पड़े व्यक्ति पर पड़ी, जो अचेत अवस्था में था। पास जाकर देखने पर उसके मृत होने की पुष्टि हुई।
सूचना पर रामनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर शव को बाहर निकलवाया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक बीते करीब दो वर्षों से ड्यूटी से अनुपस्थित चल रहे थे। इस दौरान वे कहां रह रहे थे और उनकी अनुपस्थिति को लेकर विभागीय स्तर पर क्या कार्रवाई हुई थी, इन सभी बिंदुओं को पुलिस जांच में शामिल किया गया है।
फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मृतक वहां कैसे पहुंचे और किन परिस्थितियों में उनकी मौत हुई। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। यदि किसी तरह की आपराधिक गतिविधि या संदिग्ध स्थिति सामने आती है, तो संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Back to top button