
हरियाणा के पानीपत जिले के एक कारोबारी से ब्लैकमेल कर लाखों रुपए हड़पने वाली महिला को पुलिस ने रंगे हाथों पकड़ लिया है। आरोपी महिला ने कारोबारी से 7 माह में 18 लाख रुपए हड़प लिए थे। इतना ही नहीं, स्टांप पेपर पर भविष्य में ब्लैकमेल न करने के बारे में लिखित भी दे दिया। मगर महिला दगाबाजी से बाज नहीं आई। उसने कारोबारी को फिर से ब्लैकमेल कर 6 लाख रुपए मांगे। जिस पर कारोबारी ने पुलिस के साथ मिलकर महिला को रुपए देने के बहाने पानीपत बुलाया और यहां पुलिस ने उसे रंगे हाथों रुपए लेते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महिला को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। महिला दो बच्चों की मां है और वह हाल में सोनीपत रहती है।
नशीला पदार्थ पिलाया, फिर महिला ने बनाई आपत्तिजनक वीडियो
सिटी थाना पुलिस को दी शिकायत में सुभाष ने बताया कि वह मूल रूप से पंजाब के संगरूर जिले का रहने वाला है। वह पानीपत में व्यापार करता है। उसने बताया कि अगस्त 2021 में उसके मोबाइल फोन पर एक महिला की कॉल आई। जिसने अपना नाम प्रियांशी (काल्पनिक नाम) बताया था। उसने कृष्ण को कहा था कि वह उसके साथ लिविंग रिलेशनशिप में रहना चाहती है। सुभाष ने उसे मिलकर बात करने के बारे में कहा। कुछ दिनों बाद प्रियांशी पानीपत उसके पास आई।
महिला ने यहां आने के बाद बताया था कि वह मूल रूप से काबड़ी रोड जिला पानीपत व हाल निवासी जीवन नगर कॉलोनी, नजदीक सैनी भवन सोनीपत की है। इस मुलाकात के बाद दोनों के बीच कही बार मुलाकात हुई। सुभाष का कहना है कि एक दिन प्रियांशी ने उसे जूस में कोई नशीला पदार्थ पिलाया दिया। जूस पीने के बाद उसे चक्कर आने लगे और वह बेहोश हो गया। बेहोश होने के पहले तक सुभाष को सभी बातों का पता था। इस दिन के कुछ दिनों बाद सुभाष को प्रियांशी ने गलत तरीके से बनाई हुई अलग-अलग वीडियो दिखाई। जिसके बाद वह ब्लैकमेल करने लगी।