नशे के अवैध कारोबार पर पुलिस का प्रहार, 3 किलोग्राम गांजा के साथ आरोपी गिरफ्तार

कटनी, यशभारत। नशे के अवैध कारोबार पर एनकेजे पुलिस ने करारा प्रहार करते हुए ्र3 किलोग्राम गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किय है। जप्त गांजे की अनुमानित कीमत 60 हजार रुपये आंकी गई है। एनकेजे थाना प्रभारी रूपेन्द्र राजपूत ने बताया कि एनकेजे पुलिस विगत दिवस पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान मूंगाबाई कॉलोनी छपरवाह तिराहा आमरोड के पास एक व्यक्ति सफेद रंग का थैला एवं नीले रंग की पन्नी लेकर बैठा दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह घबराकर भागने का प्रयास करने लगा। संदेह होने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम शनि उर्फ कुलदीप कुशवाहा निवासी प्रेमनगर बताया। आरोपी के कब्जे में रखे थैलों की तलाशी लेने पर उनमें 3 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। आरोपी के विरूद्ध धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी रुपेन्द्र राजपूत, सहायक उपनिरीक्षक बालगोविंद प्रजापति, प्रधान आरक्षक राजकुमार शर्मा, आरक्षक अर्पित पटेल, रणविजय सिंह, अनमोल सिंह, उमेश सिंह एवं ओमशिव तिवारी की सराहनीय भूमिका रही।







