नशे का काला कारोबार : खुलेआम बिक रही नशीली कफ सिरप, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

सतना।जिला सतना के बिरसिंहपुर थाना क्षेत्र में प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप की अवैध तस्करी और खुलेआम बिक्री का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक ताजा वीडियो ने पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।
*खुलेआम बिक रही ‘मौत की दवा’*
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक दुकान पर कोरेक्स सहित अन्य नशीली कफ सिरप की धड़ल्ले से बिक्री हो रही है। यह सब कुछ सार्वजनिक स्थान पर हो रहा है, जहां कोई डर या रोक-टोक नजर नहीं आती।
इलाके में युवाओं के बीच इन सिरप का नशे के रूप में उपयोग तेजी से बढ़ रहा है, जिससे अपराध और असामाजिक गतिविधियों में भी इजाफा देखा जा रहा है।
यह पहली बार नहीं है जब बिरसिंहपुर में इस तरह के नशे के कारोबार का खुलासा हुआ हो। पूर्व में भी कई बार बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित सिरप पकड़ी गई, लेकिन हर बार कार्रवाई केवल कागजों तक सीमित रह गई। ताजा वीडियो ने एक बार फिर इस बात की पुष्टि कर दी है कि असली जड़ तक कोई नहीं पहुंच पा रहा।
*युवाओं का भविष्य अंधेरे में*
बिरसिंहपुर की गलियों में नशे की यह खुली मंडी न सिर्फ युवाओं को गर्त में ढकेल रही है, बल्कि पूरे समाज को खोखला कर रही है। कई परिवारों ने अपने बच्चों को नशे की गिरफ्त में जाता देखा है, परंतु वे कुछ कर पाने में असहाय हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि उन्होंने कई बार पुलिस से शिकायत की, लेकिन नतीजा हमेशा सन्नाटा ही रहा। अब जब वीडियो सामने आया है, तो क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि शायद अब प्रशासन जागेगा और दोषियों पर ठोस कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले में फिलहाल पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। लेकिन वायरल वीडियो के बाद प्रशासन पर कार्रवाई का दबाव जरूर बढ़ गया है।







