करंट लगाकर वन्य प्राणियों के शिकार की तैयारी, शिकार की साजिश नाकाम किया वन विभाग ने, तीन आरोपी गिरफ्तार, एक फरार, शिकार का सामान और वाहन जब्त

कटनी, यशभारत। वन विकास निगम कुंडम प्रोजेक्ट की टीम ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए शिकार की फिराक में घूम रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। आरोपियों के पास से शिकार में इस्तेमाल होने वाला सामान और दो मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम भमका के पास वन विकास निगम की टीम को मुखबिरों से सूचना मिली थी कि कुछ लोग करंट लगाकर जंगली जानवरों का शिकार करने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीन आरोपियों को पकड़ लिया।
गौरतलब है कि जिस स्थान के पास आरोपियों को पकड़ा गया, वहीं दो दिन पूर्व करंट लगने से एक मादा तेंदुए की मौत हो चुकी है। इससे क्षेत्र में शिकारियों की सक्रियता का अंदाजा लगाया जा सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि शिकार के लिए लगाए गए करंट से न केवल वन्यजीवों, बल्कि इंसानों की जान भी खतरे में पड़ जाती है। हाल ही में झिन्ना पिपरिया गांव के पास करंट की चपेट में आने से एक युवक की मौत भी हो चुकी है। इस कार्रवाई में रेंजर मनीष रोर, सैय्यद जुहेद हुसैन, विवेक तिवारी, रविंद्र बहेलिया, शिवम चक्रवर्ती, अभिषेक शुक्ला, राहुल सेन, एन के मिश्रा, डिप्टी रेंजर अशोक कोल और राजेश शर्मा सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। डिप्टी डीएम अभिश्वेता रावत ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में विजय गोंड 42 वर्ष, मुन्ना सिंह 50 वर्ष और विजय सिंह 45 वर्ष शामिल हैं। इनके पास से जीआई तार, दो कुल्हाड़ी, एक चाकू, तीन गांजा पुडिय़ा सहित दो मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं। आरोपियों के खिलाफ अवैध शिकार की धाराओं के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी मौके से भाग निकला, जो जबलपुर जिले के कुंडम थाना क्षेत्र के ग्राम बरहा का निवासी बताया जा रहा है। वन विभाग और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।







