उखरी सड़क पर हिट एंड रन की आशंका, युवक को भीड़ ने घेरा,वीडियो हुआ वायरल,वीडियो देखने के लिए खबर को क्लिक करें

जबलपुर,यश भारत. शहर के उखरी सड़क क्षेत्र में बीती रात एक संदिग्ध हिट एंड रन की घटना को लेकर हड़कंप मच गया। घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक अपनी कार के साथ दिखाई दे रहा है और स्थानीय लोगों की भीड़ उसे चारों ओर से घेरकर खड़ी है। बताया जा रहा है कि युवक मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन लोगों ने उसे पकड़ लिया।प्रत्यक्षदर्शियों एवं स्थानीय लोगों के अनुसार, युवक ने तेज रफ्तार में वाहन चलाते हुए तीन से चार लोगों को टक्कर मार दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायलों में से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने युवक को घेरकर पुलिस के आने तक रोककर रखा।घटना स्थल एक उखरी सड़क के निजी अस्पताल के सामने बताया जा रहा है, जहां अचानक बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। वायरल वीडियो में भी साफ तौर पर देखा जा सकता है कि लोग युवक से सवाल-जवाब कर रहे हैं और उसे जाने नहीं दे रहे हैं। कुछ लोग उसे पुलिस के हवाले करने की बात करते नजर आ रहे हैं, जबकि अन्य लोग घायल व्यक्तियों की स्थिति को लेकर चिंता व्यक्त कर रहे हैं।उखरी सड़क क्षेत्र में हुई इस घटना के चलते यह मामला यादव कॉलोनी या फिर उखरी चौकी क्षेत्र से जुड़ा हो सकता है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि घटना किस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आती है। संबंधित पुलिस अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन खबर लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आ सकी है।फिलहाल, वायरल वीडियो के आधार पर यह मामला प्रथम दृष्टया हिट एंड रन का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। यह भी सामने आना बाकी है कि वाहन चालक की पहचान क्या है और घटना के पीछे की पूरी परिस्थितियां क्या रही हैं।स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।






