मामूली विवाद में युवक की चाकू मारकर हत्या, अस्पताल में तोड़ा दम

मामूली विवाद में युवक की चाकू मारकर हत्या, अस्पताल में तोड़ा दम
भोपाल, यशभारत। राजधानी के कमला नगर थाना क्षेत्र स्थित नेहरू नगर में मामूली विवाद खूनी रंजिश में बदल गया। आपसी कहासुनी के दौरान कुछ लोगों ने एक 45 वर्षीय व्यक्ति पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल अवस्था में अस्पताल ले जाए गए व्यक्ति ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नेहरू नगर निवासी राजीव शर्मा पिता रामसिंह शर्मा का क्षेत्र के ही कुछ लोगों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने राजीव शर्मा पर चाकू से हमला कर दिया।
वारदात के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से गंभीर रूप से घायल राजीव शर्मा को तुरंत इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही कमला नगर थाना पुलिस मौके पर पहुँची और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और शुरुआती जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वही घटना में शामिल संदिग्धों और आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।







