जंतर-मंतर लाठीचार्ज का विरोध: NSUI का बवाल, पुलिस ने बैरिकेडिंग पर रोका, 25 गिरफ्तार

रीवा । दिल्ली के जंतर-मंतर में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ हुए दुर्व्यहार के विरोध में प्रदर्शन करने भाजपा कार्यालय जा रहे एनएसयूआई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रास्ते में रोक दिया। इस दौरान बेरिकेडिंग पार करने का प्रयास करने पर एनएसयूआई जिलाध्यक्ष पंकज उपाध्याय सहित 25 लोगों को गिर तार कर सिविल लाइन थाने ले जाया गया, जहां प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के बाद रिहा कर दिया गया।
एनएसयूआई के प्रदर्शन को लेकर पुलिस प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए थे। मौके पर दोनों एडिशनल एसपी संदीप मिश्रा और भावना मरावी सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा। अटल कुंज के पहले ही पुलिस ने बेरिकेडिंग कर रखी थी। बीड़ा-बनकुईयां मोड़ से एनएसयूआई कार्यकर्ता पैदल मार्च करते हुए ढेकहा तिराहे में स्थित भाजपा कार्यालय की ओर बढ़े, लेकिन पुलिस ने इन्हें रास्ते में ही रोक लिया। कार्यकर्ताओं ने बेरिकेडिंग पार करने की कोशिश की, जिस पर पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। एडिशनल एसपी संदीप मिश्रा ने बताया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए 25 लोगों की गिरफ्तारी की गई है।







