गांजा तस्करी में युवक-युवती गिरफ्तार, 11 किलो 184 ग्राम गांजा जब्त
क्राइम ब्रांच एवं बरगी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

जबलपुर। क्राइम ब्रांच एवं बरगी पुलिस की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक और युवती को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 11 किलो 184 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 5 लाख 59 हजार 200 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार 11 अगस्त को क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बरगी बायपास स्थित नेचर ढाबा के सामने एक युवक और युवती संदिग्ध हालत में बैग लेकर खड़े हैं। सूचना पर क्राइम ब्रांच और बरगी पुलिस की संयुक्त टीम ने साई टी स्टॉल के पास घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान संध्या सरोते (19), निवासी डिंडौरी, वर्तमान पता गोरखपुर तथा हिमांशु बावरिया (22), निवासी गोरखपुर, वर्तमान पता शक्तिनगर गढ़ा के रूप में हुई। तलाशी के दौरान हिमांशु के पास मिले नीले बैग और संध्या के पिट्ठू बैग में तीन-तीन पैकेट में गांजा रखा मिला। तौल करने पर कुल 11 किलो 184 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने गांजा के साथ दोनों बैग, दो कंबल और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। आरोपियों के खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गांजा कहां से और किससे प्राप्त किया गया, इस संबंध में पूछताछ की जा रही है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई।







