यशभारत ब्रेकिंग : आरडीडीवी में आउट ऑफ सिलेबस पेपर पर बवाल, परीक्षा छोड़ कुलपति निवास पर छात्रों ने शुरू किया प्रदर्शन, देखे वीडियो …..
एनएसयूआई ने परीक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

जबलपुर,यशभारत। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में गुरुवार सुबह बीए एलएलबी चौथे सेमेस्टर की हिंदी विषय की परीक्षा के दौरान उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब छात्रों ने प्रश्नपत्र को निर्धारित पाठ्यक्रम से बाहर का बताते हुए परीक्षा का बहिष्कार कर दिया। सुबह 7 बजे परीक्षा शुरू होने के बाद प्रश्नपत्र हाथ में आते ही कई छात्र परीक्षा केंद्र से बाहर निकल आए और विरोध दर्ज कराने कुलपति निवास पहुंच गए।
छात्रों का आरोप है कि हिंदी विषय के प्रश्नपत्र में ऐसे प्रश्न पूछे गए थे, जो निर्धारित पाठ्यक्रम में शामिल नहीं थे। अचानक सामने आए कथित आउट ऑफ सिलेबस प्रश्नपत्र को लेकर छात्रों में नाराजगी फैल गई। छात्रों का कहना था कि जब प्रश्नपत्र ही पाठ्यक्रम के अनुरूप नहीं है तो वे परीक्षा कैसे दे सकते हैं। इसके बाद कई छात्रों ने परीक्षा छोड़कर विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया।
कुलपति निवास पर पहुंचा विरोध
परीक्षा छोड़कर छात्र कुलपति निवास पहुंचे, जहां उन्होंने पूरे मामले की शिकायत करते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की। छात्रों के साथ एनएसयूआई प्रभारी अचल नाथ भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परीक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए छात्रों की समस्या का तत्काल समाधान किए जाने की मांग की। छात्रों का कहना था कि परीक्षा की तैयारी उन्होंने विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित पाठ्यक्रम के आधार पर की थी, लेकिन प्रश्नपत्र में कथित तौर पर सिलेबस से बाहर के प्रश्न आने से उनके सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया। छात्रों ने मांग की कि पूरे मामले की जांच कराई जाए और प्रभावित विद्यार्थियों के हित में उचित निर्णय लिया जाए।
परीक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद विश्वविद्यालय की परीक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। छात्रों ने पूछा कि यदि प्रश्नपत्र निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुरूप तैयार नहीं हुआ है तो उसकी जांच किस स्तर पर हुई और प्रश्नपत्र को परीक्षा के लिए स्वीकृति कैसे मिली? छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों की जिम्मेदारी तय करने की मांग की है।







