यशभारत ब्रेकिंग : शराब कारोबारी के ऑफिस पर देर रात बमबाजी, देसी बम फेंककर फरार हुए बदमाश
गोरखपुर थाने के पीछे रतन नगर कॉलोनी में सनसनी,सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

जबलपुर, यशभारत। शहर के गोरखपुर थाना क्षेत्र में देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब रतन नगर कॉलोनी स्थित शराब कारोबारी आशीष शिवहरे के कार्यालय को अज्ञात बदमाशों ने निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ देसी बम फेंके। बदमाशों ने एक के बाद एक करीब पांच बम कार्यालय के बाहर फेंके, जिससे पूरे इलाके में जोरदार धमाके गूंज उठे। धमाकों की आवाज सुनते ही आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धमाकों की आवाज सुनकर कार्यालय में मौजूद कर्मचारी बाहर पहुंचे, लेकिन तब तक बदमाश भाग चुके थे। घटना की सूचना तत्काल गोरखपुर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू की।
मौके से मिला जिंदा बम
घटनास्थल की तलाशी के दौरान पुलिस को एक जिंदा देसी बम भी बरामद हुआ, जिसे सुरक्षा के साथ कब्जे में लेकर निष्क्रिय कराया गया। इसके अलावा घटनास्थल से बम के अवशेष और अन्य साक्ष्य भी जब्त किए गए हैं। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटनाक्रम की जानकारी जुटाई।
सीसीटीवी फुटेज से तलाश
गोरखपुर थाना प्रभारी नितिन कमल ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी किस वाहन से आए और घटना के बाद किस दिशा में फरार हुए।
रंजिश और कारोबार से जुड़े विवाद भी जांच के दायरे में
पुलिस घटना के पीछे पुरानी रंजिश, शराब कारोबार से जुड़े विवाद, वर्चस्व की लड़ाई और अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि घटना सुनियोजित हो सकती है, इसलिए सभी पहलुओं पर बारीकी से पड़ताल की जा रही है।
शराब कारोबारी ने लगाया ब्लैकमेल और साजिश का आरोप
इस मामले में शराब कारोबारी आशीष शिवहरे ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले कुछ दिनों से राधेश्याम शर्मा नामक व्यक्ति उन्हें लगातार ब्लैकमेल कर रहा था। उनकी कथित मांगें पूरी नहीं होने पर उसने कुछ दिन पहले अपने ही घर पर बम फिंकवाकर झूठा आरोप उन पर लगाया था। शिवहरे का दावा है कि बीती रात उनके कार्यालय पर हुई बमबाजी भी उसी साजिश का हिस्सा है और हमलावरों को राधेश्याम शर्मा ने ही भेजा था।
पुलिस ने आरोपों की पुष्टि नहीं की
हालांकि, पुलिस ने कारोबारी द्वारा लगाए गए आरोपों की अभी पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों को भी जांच में शामिल किया गया है और सभी तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। दोषियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।
थाने के पीछे हुई वारदात से दहशत
गोरखपुर थाने के पीछे स्थित रतन नगर कॉलोनी में हुई इस दुस्साहसिक वारदात ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। थाना क्षेत्र के समीप लगातार बम फेंककर बदमाशों का फरार हो जाना स्थानीय लोगों में भय का कारण बना हुआ है। घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है, जबकि स्थानीय लोगों ने भी सुरक्षा व्यवस्था और सख्त करने की मांग की है।







