एक्स पर लगा बड़ा शिकंजा: 600 से ज्यादा अकाउंट्स डिलीट, 3,500 आपत्तिजनक पोस्ट हटे
सरकार की सख्ती के बाद प्लेटफॉर्म ने मानी गलती

नई दिल्ली,एजेंसी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अश्लील और आपत्तिजनक कंटेंट के मामले में अब कड़ी कार्रवाई शुरू हो गई है। सरकारी सख्ती के बाद एक्स ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए भरोसा दिया है कि आगे से वह भारतीय कानूनों के अनुरूप ही काम करेगा। कार्रवाई के तहत अब तक करीब 3,500 आपत्तिजनक कंटेंट हटाए गए हैं और 600 से ज्यादा अकाउंट्स डिलीट कर दिए गए हैं।
सरकार को यह भी बताया गया है कि आगे से एक्स पर अश्लील और आपत्तिजनक सामग्री को अनुमति नहीं दी जाएगी। आईटी मंत्रालय और एक्स के अधिकारियों के बीच हुई उच्च स्तरीय बैठक के बाद प्लेटफॉर्म ने तत्काल कदम उठाए। मामला तब सामने आया जब एक्स के एआई टूल ‘ग्रोक’ का इस्तेमाल कर भारतीय हस्तियों और नेताओं की डीपफेक और अश्लील तस्वीरें बनाई जा रही थीं।
सरकार ने स्पष्ट चेतावनी दी थी कि यदि प्लेटफॉर्म अपनी नीतियों में सुधार नहीं करता, तो आईटी नियमों के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी और उसका ‘सेफ हार्बर’ संरक्षण वापस लिया जा सकता है, जिससे कंपनी सीधी कानूनी जवाबदेही के दायरे में आ जाएगी।
एक्स द्वारा की गई ताजा कार्रवाई को ऑनलाइन अश्लीलता और डीपफेक कंटेंट पर बड़ी रोक के रूप में देखा जा रहा है।







